पीडीडीयू नगर। एनसीसी 91 यूपी बटालियन और परिवर्तन सेवा समिति की ओर से बटालियन के मुख्य अधिकारी मेजर अमरेंद्र सिंह के पिता विश्वनाथ कुंवर की याद में आयोजित शिविर में 42 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान कर लोगों ने विश्वनाथ कुंअर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी अजित कुमार, विशिष्ट अतिथि वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष मिश्र, 91 यूपी बटालियन के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल तरुण खन्ना और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. पंकज ने फीता काटकर किया । इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान जितना फायदा उस जरूरतमंद को देता है, उससे कहीं ज्यादा फायदा रक्तदान करने वाले को मिलता है। शोध के मुताबिक लगातार रक्तदान करने से कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा दूर होता है। मेजर अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मेरा परिवार पिता के प्रत्येक बरसी पर इसी तरह से रक्तदान शिविर का आयोजन करेगा। शिविर में सीनियर डीपीओ अजित कुमार, कमांडेंट आशीष मिश्र, एनसीसी के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल तरूण खन्ना सहित कुल 42 लोगों ने रक्तदान किया। इस मौके पर कैप्टन अशोक त्रिपाठी, जितेंद्र सिंह, अंकित त्रिपाठी, दिलीप जायसवाल, एस फ़ाजिल, प्रदीप गुप्ता, गुरदीप सिंह, शशिकांत पुष्कर, तुषार मगन, पीयूष श्रीवास्तव, रोहितास पाल, जनार्धन विश्वकर्मा, संतोष पांडेय, हर्षित शर्मा रहे। संचालन समिति के महासचिव प्रभाकर सिंह ने और धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष चंद्रेश्वर जायसवाल ने किया।