सिकंदराबाद। जलभराव की शिकायत पर बुधवार को पालिका ने नगर के मोहल्ला छासियावाड़ा में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर नालियों पर बने स्लैब, चबूतरों को तोड़ दिया। इस दौरान पालिका की टीम को दुकानदारों के विरोध का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसबल ने स्थिति को संभाला और कार्रवाई को जारी रखा।
ईओ शिवराज सिंह ने बताया कि नगर के मोहल्ला छासियावाड़ा में दुकानदारों, गृह स्वामियों ने दुकानों, घरों के आगे नालियों पर स्लैब डाल रखे हैं। कुछ स्थानों पर नालियों के ऊपर चबूतरे बना लिए हैं। इसके चलते जल निकासी नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या होती है। अतिक्रमणकारी ही मोहल्ले में जलभराव की शिकायत करते रहते थे। बुधवार को अभियान चलाकर खुर्जा गेट पुलिस चौकी से लेकर शीशे वाली मस्जिद तक नालियों के ऊपर बने स्लैब, चबूतरों को तोड़ दिया गया। दोबारा से अतिक्रमण करने पर जुर्माना लगाने, एफआईआर दर्ज कराने क चेतावनी दी गई। पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित ने कहा कि अतिक्रमण से जहां जल निकासी की समस्या होती है, वही मार्ग के संकुचित होने से जाम भी लगता है। नगर के सभी मार्गों से अतिक्रमण हटाकर उनकी वास्तविक स्थिति में लाया जाएगा। ताकि नगर में यातायात सुगम होने के साथ ही जलभराव की समस्या का समाधान हो सके। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।