{"_id":"6b040972c7163e74a80b83d5","slug":"revelations-in-manya-murder-case-mystery-of-doll-burning-earthen-lamp-and-erased-names-2026-11-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"मान्या हत्याकांड में खुलासा: गुड़िया, जलता दीया और मिटे हुए नामों का रहस्य, वीडियो देखकर सीखी तंत्रविद्या","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मान्या हत्याकांड में खुलासा: गुड़िया, जलता दीया और मिटे हुए नामों का रहस्य, वीडियो देखकर सीखी तंत्रविद्या
Mon, 23 Nov 2026 03:33 PM IST
Akash Dubey
अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर
अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर
Published by: Akash Dubey
Updated Mon, 23 Nov 2026 03:33 PM IST
सार
मान्या की हत्या में नए खुलासे हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि मान्या 13 मिनट के भीतर ही आरोपी महिला सोनम के खौफनाक इरादों का शिकार बन गई। विस्तार से पढ़ें पूरी खबर-
विज्ञापन
मान्या हत्याकांड
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र में साढ़े तीन साल की मासूम मान्या की हत्या मामले में नए खुलासे हो रहे हैं। जांच में सामने आया है कि फर्श पर सफेद खड़िया से गुड़िया की आकृतियां बनाई गई थीं और पास ही एक दीया जलता मिला। मौके से भारी मात्रा में पूजन सामग्री भी बरामद हुई है। खड़िया से सबसे पहला नाम मान्या, दूसरा वान्या और तीसरा खुद सोनम का लिखा था। इसके आगे दो अन्य नाम लिखे गए थे। जिन्हें बाद में मिटा दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन नामों में मकान मालिक की पोती का नाम भी शामिल था, जिससे परिवार में दहशत है।
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर सीखी तंत्रविद्या
सोनम ने बताया कि किसी तांत्रिक के संपर्क में आने के बजाय उसने सोशल मीडिया के जरिए तंत्रविद्या के तरीके सीखे थे। वह इंटरनेट पर तंत्र-मंत्र से जुड़े वीडियो देखती थी और उन्हीं से प्रभावित होकर उसने साजिश को अंजाम दिया। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन में उसकी सर्च हिस्ट्री खंगाल रही है।
विज्ञापन
इंस्टा, फेसबुक पर बना रखी थीं कई फर्जी आईडी
तकनीकी जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोनम ने इंस्टाग्राम व फेसबुक पर कई अलग-अलग आईडी बना रखी थीं। साइबर सेल की मदद से पुलिस इन सभी अकाउंट्स को खंगाल रही है। यह भी कोशिश कर रही है कि वह इन फर्जी आईडी के जरिए किस-किस के संपर्क में थी। आशंका है कि सोशल मीडिया पर ही किसी के उकसावे या भ्रामक कंटेंट के जाल में फंसकर उसने मासूम की बलि देने जैसा आत्मघाती और जघन्य कदम उठाया।
विज्ञापन
13 मिनट में ही सोनम का शिकार बन गई मान्या
बुलंदशहर। मासूम मान्या की हत्या के मामले में कई दिल दहला देने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ने इस जघन्य वारदात के आखिरी पलों की पूरी तस्वीर साफ कर दी है। फुटेज से स्पष्ट हुआ है कि घर से हंसते-खेलते निकली मान्या महज 13 मिनट के भीतर ही आरोपी महिला सोनम के खौफनाक इरादों का शिकार बन गई।
पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में मान्या की अंतिम गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 10:54 बजे मान्या अपने घर से निकलकर आरोपी महिला सोनम के घर के सामने वाली गली से गुजरती हुई दिखाई दे रही है। उस वक्त सब कुछ सामान्य था लेकिन ठीक 13 मिनट बाद यानी सुबह करीब 11:07 बजे जब मान्या वापस लौट रही थी, तो वह खुशी से उछलते-कूदते हुए आरोपी सोनम के कमरे की ओर जाती हुई नजर आई।
फुटेज में बच्ची के हाव-भाव देखकर पुलिस और परिजनों को पूरी आशंका है कि घात लगाए बैठी सोनम ने दरवाजे से इशारा कर मान्या को कोई खाने की चीज या टॉफी दिखाकर अपने पास बुलाया था। मान्या उसकी चालाकी समझ नहीं पाई और उसके कमरे में चली गई। इसके बाद आरोपी महिला ने कमरे का दरवाजा बंद कर उसकी हत्या कर दी।
यह था मामला-
बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नजीमपुरा भूड़ अवंती नगर निवासी साढ़े तीन साल की मासूम बेटी मान्या की हत्या ने पिता सचिन को अंदर तक झकझोर दिया है। बेटी को खोने का गम उनके चेहरे और आंखों से साफ झलक रहा है। दिल में दर्द और आंखों में आंसू लिए पिता की एक ही मांग है कि उन्हें न तो सरकार से कोई आर्थिक मदद चाहिए और न ही पुलिस-प्रशासन से महज आश्वासन। उन्हें इंसाफ तभी मिलेगा, जब बेटी की हत्या की आरोपी महिला का पुलिस एनकाउंटर करेगी। बेटी की निर्मम हत्या के बाद से मां शारदा और पिता सचिन समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटी को याद करते ही पिता का दर्द छलक पड़ता है। वह बार-बार यही कहते हैं कि आखिर उनकी मासूम बेटी ने किसी का क्या बिगाड़ा था, जो उसे इतनी बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया।
एक महिला ने अपने स्वार्थ और अंधविश्वास के चलते उनकी हंसती खेलती दुनिया उजाड़ दी। जिस बेटी को उन्होंने बड़े अरमानों से पाला था, वह अब कभी लौटकर नहीं आएगी। पिता का कहना है कि उन्हें किसी तरह की मदद नहीं चाहिए। उन्हें मौत का बदला मौत चाहिए। उनकी मांग है कि बेटी की हत्या करने वाली आरोपी महिला का पुलिस एनकाउंटर करे, ताकि ऐसी मानसिकता रखने वालों में खौफ पैदा हो।
