अनूपशहर: मासूम बच्ची से किशोर ने किया दुष्कर्म, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
पुलिस ने पीड़िता की दादी की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है। आरोपी को गुरुवार को बाल न्यायालय में पेश किया जाएगा।
विस्तार
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को चार वर्षीय मासूम को अपने घर ले जाकर कक्षा नौ के छात्र ने दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बुजुर्ग महिला ने बुधवार को कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम को वह घर में ही नमाज पढ़ रही थी। उस दौरान उसकी चार वर्षीय पोती घर के बाहर खेल रही थी। कुछ देर बाद उसकी पोती रोती बिलखती हुई घर पहुंची। उसके कपड़े खून से लथपथ थे। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि मोहल्ला निवासी 14 वर्षीय किशोर उसे अपने घर में बने भूसे के कमरे में ले गया, जहां आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया।
पीड़िता को लेकर उसकी दादी आरोपी के घर पहुंची और मामले की शिकायत की। आरोप है कि आरोपी की मां ने बच्ची के कपड़ों को धो दिया और उसके हाथ-पैर भी धो दिए। साथ ही उसने मामले को वहीं रफा-दफा करने की बात कही। लेकिन, पीड़िता की दादी ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। गुरुवार को उसे बाल न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही बच्ची का मेडिकल कराया गया है।
- संतोष कुमार सिंह, एसएसपी