UP: प्रेमी की सगाई में बहन संग पहुंची लड़की, टूटी शादी; गुस्से में लड़के ने दोनों को पीटा, दुष्कर्म की कोशिश
प्रेमिका के हंगामा करने पर आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर दोनों बहनों के साथ मारपीट, जान से मारने की कोशिश भी की थी। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म की कोशिश की।
विस्तार
यूपी के बुलंदशहर स्थित जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पीएसी में तैनात सिपाही की सगाई में मंगलवार को हंगामे के बाद अब उसका रिश्ता टूट गया है। मामले में उसकी प्रेमिका ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि मंगलवार को वह आरोपी सिपाही (अपने प्रेमी) की सगाई में अपनी बहन के साथ पहुंच गई थी। जिस पर आरोपी प्रेमी सिपाही ने पीड़िता व उसकी बहन पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया और दुष्कर्म की भी कोशिश की थी। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी सिपाही का रिश्ता टूट गया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक नोएडा में पीएसी में सिपाही के पद पर तैनात है। बताया गया कि उसका नोएडा में ही एक युवती से कुछ समय पूर्व प्रेम प्रसंग हो गया था। उसकी प्रेमिका की बहन की ससुराल आरोपी सिपाही के गांव में ही है। बीते दिनों आरोपी सिपाही का रिश्ता कहीं और तय हो गया था। साथ ही गत मंगलवार को उसकी सगाई समारोह का कार्यक्रम गांव में चल रहा था। गुरुवार को उसकी बरात जानी थी। लेकिन, प्रेमी की शादी होने की जानकारी मिलते ही गत मंगलवार को ही प्रेमिका अपनी बहन के साथ प्रेमी के घर पहुंच गई। जहां, उसने आरोपी सिपाही पर प्रेम जाल में फंसाने का आरोप लगाया और कहा कि उसने पीड़िता से शादी का वादा किया था। लेकिन, अब कहीं और शादी कर रहा है।
पीड़िता के हंगामा करने पर आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर दोनों बहनों के साथ मारपीट, जान से मारने की कोशिश भी की थी। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामला तब शांत करा दिया था।
बुधवार देर शाम को पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही, बुलंदशहर में तैनात रिश्तेदार होमगार्ड व उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी होमगार्ड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, आरोपी सिपाही की गुरुवार को बरात जानी थी, लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बाद रिश्ता टूट गया है और आरोपी सिपाही फरार चल रहा है। जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी होमगार्ड को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। जबकि, आरोपी सिपाही अभी फरार है, उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - रोहित मिश्र, एसपी देहात