Bulandshahr Accident: ट्रक और रोडवेज बस की टक्कर में मां-बेटी और दो भाइयों की मौत, 15 गंभीर रूप से घायल
बस में बदायूं की 38 से अधिक सवारियां थीं। जिला अस्पताल में घायलों का उपचार चल रहा है। कुछ गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
विस्तार
नेशनल हाईवे 91 पर स्थित अढ़ौली तिराहे पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने रोडवेज बस में टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार मां-बेटी व दो सगे भाइयों की मौत हो गई। 15 यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद बस के चालक-परिचालक और ट्रक का चालक मौके से फरार हो गए। ट्रक पर नगालैंड का रजिस्ट्रेशन नंबर है। पुलिस उसी के आधार पर चालक की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।
साहिबाबाद डिपो की एक बस शुक्रवार सुबह बदायूं से डिबाई और बुलंदशहर होते हुए गाजियाबाद जा रही थी। दोपहर करीब एक बजे बस जैसे ही बुलंदशहर के अढौली तिराहे से गाजियाबाद की ओर मुड़ी तभी गाजियाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस के बीचोंबीच टक्कर मार दी। इसके बाद करीब पचास मीटर तक बस को घसीटता हुआ चला गया और डिवाइडर पर जा चढ़ा।
टक्कर से बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हिस्से में बैठे यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस व अन्य वाहनों से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बदायूं जिले के सहसवान क्षेत्र के बक्सर मुंगरिया निवासी सगे भाई धनवीर व सौरभ, बुलंदशहर के डिबाई निवासी ननिया और उनकी बेटी 30 वर्षीय बेटी ब्रजबाला को मृत घोषित कर दिया। बृजबाला की शादी अलीगढ़ के अतरौली क्षेत्र के गांव सैंथला में हुई थी। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
ये यात्री हुए घायल
हादसे में बदायूं जिले के गांव बहगवां निवासी अभिषेक, गांव करसिया निवासी राहुल गौतम, मुदारिया निवासी पिंटू, नैनामई निवासी सर्वेश कुमार, अलीगढ़ जिले के गांव सैंथला निवासी दीपिका, गांव चखातन निवासी वीरेंद्र कुमार, संभल निवासी तेजपाल, संभल के ही गांव गंगेहटा राजेश कुमार, गांव रारादीप निवासी राजकुमार, गांव धीमरपुर निवासी दीपक घायल हुए हैं। घायलों का जिला अस्पताल और कुछ निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
50 मीटर तक सड़क में बिखरा हुआ था खून
घटनास्थल पर करीब पचास मीटर तक यात्रियों के जूते-चप्पल, बस और ट्रक के शीशे और अन्य हिस्से बिखरे हुए पड़े थे। सड़क पर जगह-जगह खून फैला हुआ था। बस के अंदर यात्रियों का सामान तितर-बितर हुआ पड़ा था। बस का पिछला हिस्सा व सीटें उखड़ कर बाहर आ गई थीं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने शुरू कर दिया था बचाव कार्य
घटनास्थल के निकट स्थित दुकानदारों ने हादसे के तत्काल बाद बचाव कार्य शुरू कर और पुलिस को सूचना दी। घटना की भयावहता देख एक स्थानीय निवासी बेहोश भी हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर कूदता हुआ देखा गया। इसके बाद वह कहां गया, यह पता नहीं चल पाया।
रोडवेज चालक की गलती बता रहे प्रत्यक्षदर्शी
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के दौरान ट्रक सिकंदराबाद की ओर से सीधा अलीगढ़ की ओर जा रहा था। ट्रक में सामान लदा हुआ था। उसी दौरान बस चालक ने बिना देखे ही बस को दिल्ली की ओर मोड़ दिया। बस के पूरी तरह मुड़ने से पहले ही ट्रक पीछे से टकरा गया। ट्रक चालक ने ट्रक को रोकने के लिए ब्रेक भी लगाया लेकिन सामान लदा होने के कारण नियंत्रण नहीं कर पाया।
मां और नानी की मौत के बाद बेसुध पड़ी थी मासूम दीपिका
हादसे में मौत की शिकार हुईं डिबाई निवासी 60 वर्षीय ननिया और उनकी बेटी ब्रजबाला के साथ बस में ब्रजबाला की पांच साल की बेटी दीपिका भी सवार थी। तीनों गाजियाबाद जाने के लिए डिबाई से बस में सवार हुए थे। हादसे में मां और नानी की मौत के बाद दीपिका अस्पताल में बेसुध पड़ी थी। उसे यह भी नहीं पता था कि उसकी मां और नानी अब इस दुनिया में नहीं रहीं।
हाईवे पर लगा जाम
हादसे के बाद हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हाईवे से बुलंदशहर टीसि के अंदर आने वाले वाहन भी जाम में फंस गए। पुलिस ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटवाकर हाईवे पर यातायात का सुचारू कराया।
मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुख
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए घायलों का समुचित उपचार कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
हादसे के बाद से ही ट्रक व बस चालक फरार हैं। उनकी तलाश जारी है। ट्रक पर नागालैंड का रजिस्ट्रेशन नंबर है। उसके आधार पर ट्रक मालिक व चालक की तलाश की जा रही है। - सीपी सिंह, डीएम