'सीएम योगी की अगुवाई में 2027 का चुनाव': केशव बोले-सपा का कोई भविष्य नहीं, दिवंगत विधायक को दी श्रद्धांजलि
सपा पर हमला बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि 2047 तक भी समाजवादी पार्टी का कोई भविष्य नजर नहीं आता है। उन्होंने सपा को माफिया, गुंडे और दंगाइयों की पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी समाज की सेवा और देश के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की पार्टी है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दिवंगत भाजपा विधायक अनिल शर्मा की शोक सभा में शामिल होने के लिए बुलंदशहर पहुंचे। उन्होंने विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि बुलंदशहर की सभी विधानसभा सीटों पर जीत के लिए कार्यकर्ता, सांसद और विधायक पूरी तरह तैयार हैं और 2027 में बीजेपी उत्तर प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाएगी। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में ही लड़ा जाएगा।
समाजवादी पार्टी पर बोला तीखा हमला
सपा पर कड़ा प्रहार करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि 2047 तक भी समाजवादी पार्टी का कोई भविष्य नजर नहीं आता है। उन्होंने सपा को माफिया, गुंडे और दंगाइयों की पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी समाज की सेवा और देश के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जबकि पहले विपक्षी दलों के समय बूथों पर गुंडे हुआ करते थे और बूथ कैप्चरिंग के जरिए चुनाव जीते जाते थे। अखिलेश यादव के पीडिए रथ पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने उनके रथ की धज्जियां उड़ा दी हैं। लोकसभा चुनाव में गुमराह कर वोट जरूर हासिल किए गए थे, लेकिन अब उनकी जमीन खिसक चुकी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का भविष्य लगातार खत्म हो रहा है और एक दिन यह पार्टी केवल सैफई तक सिमटकर रह जाएगी।
कानून-व्यवस्था और गठबंधन पर क्या बोले केशव
यूपी की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद बताते हुए उन्होंने कहा कि 'सुरक्षित भारत और सुरक्षित उत्तर प्रदेश' आज हर नागरिक की आवाज बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा को वोट देने का मतलब गुंडागर्दी और अराजकता को बढ़ावा देना है, जिन्होंने पहले कावड़ यात्रा पर रोक लगाई, अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और राम मंदिर का विरोध किया। इसके अलावा उन्होंने मथुरा और काशी के मुद्दों को लेकर भी सपा को घेरा।
भाजपा गठबंधन पर स्थिति स्पष्ट करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि एनडीए गठबंधन पूरी तरह मजबूत है, जिसमें न पहले कोई टूट थी और न आगे होगी। सीट बंटवारे को लेकर किसी भी खींचतान से इंकार करते हुए उन्होंने कहा कि सभी बातें आपसी सहमति से तय होंगी। साथ ही, विपक्ष की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष की ओर से कुछ गलत किया जाएगा, तो सोशल मीडिया के माध्यम से उसका सरल भाषा में मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।