'थूक' वाली तंदूरी रोटी: अल हरम चिकन पॉइंट का वीडियो आया सामने, आरोपी बोला- अब नहीं करुंगा साहब!; पहुंचा जेल
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की पहचान फिरोज (निवासी मोहल्ला बाजार खाम, कस्बा व थाना जहांगीराबाद, बुलंदशहर) के रूप में की।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के ककोड़ कस्बे से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक होटल पर युवक द्वारा थूककर तंदूर में रोटी बनाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत सख्त कार्रवाई की और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस जांच और 'अल हरम चिकन पॉइंट' का खुलासा
उप निरीक्षक (एसआई) सतेंद्र कुमार द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक होटल में रोटियों पर थूककर उन्हें तंदूर में लगाता हुआ साफ दिखाई दे रहा था। पुलिस ने जब इस वायरल वीडियो की गहनता से जांच-पड़ताल की, तो घटना ककोड़ कस्बे के सिकंदराबाद रोड स्थित जफर भाई मार्केट में संचालित 'अल हरम चिकन पॉइंट' की निकली।
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की पहचान फिरोज (निवासी मोहल्ला बाजार खाम, कस्बा व थाना जहांगीराबाद, बुलंदशहर) के रूप में की।
आरोपी का कबूलनामा
पुलिस द्वारा वायरल वीडियो दिखाने और पूछताछ करने पर आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार की तथा माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की बात कही। पुलिस ने मौके से जांच के लिए होटल का डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया है।
थाना प्रभारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एसआई सतेंद्र कुमार की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.