UP News: आवारा कुत्तों का ऐसा आतंक की दहशत में छात्र, एक ही सरकारी स्कूल के 19 बच्चों को काटा
स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा चार की दामिनी का कहना है कि उसको पता ही नहीं कि कुत्ते ने कब काटा है। इसके अलावा कक्षा एक की नेहा को भी कुत्ते के काटे जाने की जानकारी नहीं है।
विस्तार
बुलंदशहर के पहासू कस्बा क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 के पास आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है। स्कूल के बाहर आवारा कुत्तों से बच्चे भी भयभीत रहते हैं। वहीं, स्कूल प्रधानाध्यापक द्वारा दावा किया गया है कि एक सप्ताह में आवारा कुत्ते लगभग 19 बच्चों को काट चुके हैं। प्रधानाध्यापक राजकुमार कौशिक ने बताया कि स्कूल के बाहर आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं। ऐसे में कई बार उनको भगाने का प्रयास किया तो कुत्ते उल्टा हमला कर देते हैं।
कुत्तों को पकड़वाने के लिए स्थानीय वार्ड सदस्य से भी कहा गया मगर, कोई सुनवाई नहीं हुई। इसको लेकर कई बार अभिभावकों ने शिकायत की। ऐसे में सुबह और दोपहर को एक कर्मचारी को बैठाया जाता है। इसके बावजूद कुछ कुत्ते गांव के रास्ते में बच्चों का काट लेते हैं। इसमें संबंधित विभाग को ध्यान देना चाहिए। कुत्ते के हमले से शिकार हुए बच्चों में दामिनी, नेहा, सलोनी, निखिल, गुलशन, फुलवा, परी, अभय, प्रीत, प्रतिज्ञा, कृष्णा, उर्वशी, चंद्रभाष, रुमान, आदित्य, तोशिका, सालवी, जयंत और माधव हैं। वहीं कुछ बच्चे कुत्तों से बचने के चलते चोटिल भी हो गए हैं।