फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bulandshahar News ›   शिवरात्रि: राहों से लेकर चौराहों तक, सब बम-बम भोले

शिवरात्रि: राहों से लेकर चौराहों तक, सब बम-बम भोले

Tue, 07 Aug 2018 10:53 PM IST
Updated Tue, 07 Aug 2018 10:53 PM IST
विज्ञापन
शिवरात्रि: राहों से लेकर चौराहों तक, सब बम-बम भोले
शिवरात्रि: राहों से लेकर चौराहों तक, सब बम-बम भोले
विज्ञापन

- कल होगा जलाभिषेक, मंदिरों में तैयारियां तेज
- व्यवस्था बनाने में जुटा प्रशासन, शिवालयों के आसपास रहेगा पुलिस का पहरा
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नौ अगस्त को जिले के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक की तैयारियां की जा रही हैं। जिला प्रशासन और पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था बनाने में जुटा है। मंदिरों में सफाई व्यवस्था की जा रही है। वहीं कांवड़ियों के लौटने से जिले का माहौल केसरिया हो गया है। रास्तों से लेकर शिविरों तक भोले के जयकारे गूंज रहे हैं।
शिवरात्रि के दिन बड़े पैमाने पर श्रद्धालु शिवालयों में जलाभिषेक करते हैं। लाखों की संख्या में भोले के भक्त गोमुख, हरिद्वार, अनूपशहर से जल लाकर अपने गांव या मोहल्ले में स्थित शिवालयों पर जलाभिषेक करते हैं। ऐसे में जलाभिषेक में एक दिन का समय शेष रहने पर कांवड़िये अपने गंतव्य पर पहुंच चुके हैं। जबकि कुछ बृहस्पतिवार को अपने गंतव्य पर पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। भोले के भक्तों द्वारा कांवड़ लेकर निकलने से चारो ओर का वातावरण भोले के गीतों से गूंज रहा है। जगह-जगह पर लगाए गए सेवा शिविर में भोले के भक्तों को खाने-पीने से लेकर दवाओं आदि की सुविधा दी जा रही है। शिविरों में कांवड़ियों के बैठने, सोने की भी उचित व्यवस्था है।
विज्ञापन


बुधवार रात से ही शुरू हो जाएगा जलाभिषेक
श्री द्वादस महालिंगेश्वर सिद्ध महापीठ के आचार्य मंजीत धर्मध्वज के अनुसार नौ अगस्त बृहस्पतिवार को सावन मास की शिवरात्रि है। त्रयोदशी तिथि लगने के चलते जलाभिषेक बुधवार देर रात 2.10 बजे से प्रारंभ हो जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


सुरक्षा के दावे खोखले: नहीं दिखे पुलिस कर्मी
सिकंदराबाद। कांवड़ यात्रा को लेकर स्थानीय पुलिस द्वारा किए जा रहे सुरक्षा के दावे हकीकत से बिल्कुल विपरीत हैं। कांवड़ मार्ग पर इक्का-दुक्का पुलिस कर्मी ही दिखाई दिए। वहीं सेवा शिविरों के आसपास भी सुरक्षा के खास इंतजाम नहीं दिखे। नगर के झारखंडी स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर के बाहर भी मंदिर की सुरक्षा में कोई पुलिस कर्मी नजर नहीं आया। मंगलवार को अमर उजाला की टीम ने पुलिस के सुरक्षा के दावों का जायजा लिया। कांवड़ मार्ग सिकंदराबाद-गुलावठी रोड पर एक दो स्थानों के सिपाही या होमगार्ड नजर आए। वहीं गुलावठी रोड पर शिव भक्तों के लिए लगाए गए सेवा शिविरों के बाहर भी पुलिस दिखाई नहीं दी। सनौटा नहर पर भी पुलिस नदारत दिखी। नगर के झारखंडी स्थित प्रसिद्ध झारखंडेश्वर शिव मंदिर जहां पर शिवरात्रि पर नगर व क्षेत्र के अधिकांश कांवड़िया जलाभिषेक करते हैं, मंदिर पर भी सुरक्षा के कोई इंतजाम नजर नहीं आए। कोतवाल अवनीश कुमार गौतम ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा में पुलिसकर्मियों के अलावा दो इंस्पेक्टर, कोतवाली के सभी एसआई को लगाया गया है।

कांवड़ियों को लेकर प्रशासन चौकन्ना, लगाई फोर्स
डिबाई-दानपुर। श्रावण माह के बृहस्पतिवार को त्रयोदशी के दिन क्षेत्र के कई शिवालयों में जलाभिषेक को हजारों की भीड़ जटेगी। इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने कांवड़ियों के आने वाले रूटों पर जगह-जगह फोर्स तैनात कर दी है। एसडीएम उमा शंकर व सीओ ने बताया कि नगर के महादेव चौराहे व पैंठ चौराहे के निकट मंदिर, कर्णवास भूतेश्वर मंदिर, राजघाट व नरौरा चौराहे के अलावा बारह-बारह घंटे की शिफ्ट में लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा इन स्थानों पर पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। अस्पतालों में कांवड़ियों के लिए चौबीस घंटे इमरजेंसी सेवा उपलब्ध रहेगी। वह खुद औचक निरीक्षण करेंगे। ब्यूरो

गुलावठी में हाइवे हुआ केसरिया
गुलावठी/बुगरासी। गुलावठी में हाइवे पर मंगलवार को हरिद्वार व गोमुख से गंगाजल लाने वाले कांवड़ियों का तांता लगा रहा। दूसरी ओर डाक कांवड़िए डीजे की धुन पर नाचते हुए हरिद्वार जा रहे थे। हरिद्वार से लौटने वाले कांवड़ियों में कई सुंदर झांकियों के साथ लौट रहे थे तो कई बच्चे व महिला कांवड़ियों के साथ लौट रहे थे। सबकी जुबान पर एक ही उद्घोष था बम-बम भोले। कांवड़ियों के लिए प्रशासन द्वारा अलग मार्ग की व्यवस्था की गई थी। बुलंदशहर-हापुड़ मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन बंद रहा। भारी संख्या में पुलिस तैनात थी। कांवड़ सेवा शिविरों तथा मंदिरों में अनेक कांवड़िए विश्राम करते नजर आए। वहीं बुगरासी में कस्बे के मोहल्ला पड़ियों वाला तथा भूड़वाला से दो अलग-अलग डाक कांवड़ के जत्थे मंगलवार को हरिद्वार के लिए रवाना हुए हैं। दोनों जत्थे लगभग 18 घंटे में अपनी कांवड़ हरिद्वार से आहार के शिव मंदिर में लाएंगे और जल चढ़ाएंगे। कस्बे से पहली बार दो डाक कांवड़ के जत्थे हरिद्वार के लिए रवाना हुए हैं।

कांवड़ मार्ग से अतिक्रमण हटवाने की मांग
औरंगाबाद। कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं के निवारण के लिए शिवसेना ने एसओ को ज्ञापन दिया है। शिवसेना नगर प्रमुख प्रवेश लोधी की अगुवाई में मंगलवार को एक प्रतिनिधि मंडल इंस्पेक्टर औरंगाबाद सतेंद्र प्रकाश सिंह और चौकी प्रभारी दिनेश बालियान से मिला। प्रवेश लोधी ने कहा कि बुलंदशहर बस स्टैंड से लेकर पवसरा मोड़ तक ठेलियों वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे कांवड़ियों को सड़क किनारे चलने में परेशानी हो रही है। यात्रा को देखते हुए बुलंदशहर औरंगाबाद-गढ़मुक्तेश्वर हाईवे स्थित जहांगीराबाद मोड़ चौराहे पर पुलिस पिकेट स्थापित की जाए। श्रावण मास में हाइवे स्थित कई होटलों पर मीट परोसा जा रहा है। इसे शिवसेना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। बाद में शिवसैनिकों ने इस मामले में इंस्पेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कुछ देर बाद ही इंस्पेक्टर ने पुलिस फोर्स के साथ हाइवे से अतिक्रमण को हटवा दिया। इंस्पेक्टर औरंगाबाद सतेन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया कि कावंड़ यात्रा को लेकर पुलिस गंभीर है। फेंटम पुलिस के साथ-साथ 100 पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों की देखरेख के लिए लगाया गया है। इस मौके पर पंकज राणा, पुष्पेन्द्र ठाकुर, कृष्णपाल राणा, केशव, बालकिशन सैनी, अमरदीप सैनी, सतेन्द्र कुमार, मुन्ना बजरंगी, प्रदीप लोधी, नरेश आदि मौजूद रहे।

फोटो समाचार
आस्था का केंद्र है प्राचीन बड़ा महादेव मंदिर
- हजारों कांवड़िए शिवरात्रि पर करते हैं जलाभिषेक
देवेंद्र अग्रवाल
गुलावठी। कस्बे का प्राचीन बड़ा महादेव मंदिर शिवभक्तों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। प्रतिवर्ष हजारों शिवभक्त और कांवड़िए हरिद्वार एवं गोमुख से गंगाजल लाकर शिवलिंग पर जलाभिषेक करते हैं।
मंदिर के पुजारी सुरेश चंद शर्मा के अनुसार इस बार शिवरात्रि को दो दिन जलाभिषेक होगा। 9 अगस्त को प्रात: चार बजे से शाम साढ़े छह बजे तक और 10 अगस्त को प्रात: साढ़े नौ बजे से दोपहर दो बजे तक जलाभिषेक कर सकते हैं। मंदिर समिति के संरक्षक रमेश चंद जैन बताते हैं कि गुलावठी का बड़ा महादेव मंदिर करीब 300 पुराना है। मंदिर का जीर्णोद्धार वर्ष 1997 में शुरू हुआ था। मंदिर में शिव मंदिर के जीर्णोद्धार के अलावा देवी देवताओं का विशाल दरबार का निर्माण कराया गया है, जिसमें श्रीगणेश, राधा-कृष्ण, श्री लक्ष्मी-नारायण, श्री संतोषी मां, श्रीराम दरबार तथा हनुमान के दरबारों की स्थापना की गई है। समिति के महामंत्री पुरुषोत्तम चौधरी ने बताया कि मंदिर समिति द्वारा कांवड़ियों के सेवार्थ हर शिवरात्रि को शिविर आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि प्राचीन बड़ा महादेव मंदिर के विषय में मान्यता है कि सच्ची श्रद्धा से यहां पूजा करने वालों की मनोकामना पूर्ण होती है।

फोटो समाचार
लौटते समय कांवड़िए की मेरठ में मौत
गुलावठी। गुलावठी क्षेत्र के ग्राम छपरावत से गंगाजल लेने गए कांवड़िए की हरिद्वार से लौटते समय मंगलवार दोपहर मेरठ में मौत हो गई। मृतक का नाम कपिल शर्मा (31) पुत्र राजेंद्र शर्मा निवासी ग्राम छपरावत है। कांवड़िए कपिल की मौत की खबर से ग्राम छपरावत में मातम का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कांवड़िए कपिल शर्मा हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे। मंगलवार को सकौती में उन्होंने चक्कर आने की शिकायत की। उनके साथी तुरंत उन्हें लेकर मेरठ आए। जहां एक नर्सिंगहोम में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। यह दुखद समाचार मिलने पर उनके परिवार एवं गांव में मातम छा गया। कपिल शर्मा का पार्थिव शरीर देर शाम तक गांव पहुंचने की संभावना है। कपिल शर्मा नोएडा में मेडिकल स्टोर चलाते थे। उनका परिवार ग्राम छपरावत में ही रहता है। उनकी डेढ़ वर्ष की एक बेटी है। पत्नी भावना एवं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।


शिविर लगाकर की सेवा
बुलंदशहर। विश्व मानव रुहानी केंद्र नवानगर हरियाणा की साखा बुलंदशहर ने कांवड़ियों की सेवा के लिए मेडिकल कैंप लगाया। इस दौरान डॉ. यतेंद्र सैन ने कांवड़ियों को इलाज मुहैया कराया। चिकित्सक डॉ. यतेंद्र ने कहा कि श्रावण मास में बाबा के भक्तों की सेवा करने से पुण्य मिलता है। मौके पर खेमचंद, अजय कुमार, प्रेम सिंह, दिनेश कुमार, अमरपाल सिंह, रामकुमार, प्रमोद सिंह मौजूद रहे। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed