Budaun: संत विदेह नंदनी शरण महाराज का निधन, अंतिम दर्शन को जुटे हजारों लोग, अयोध्या में दी जाएगी समाधि
सोई आश्रम के संत विदेह नंदनी शरण महाराज 75 वर्ष के थे। पांच दिन पहले उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। पहले उन्हें मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें बरेली रेफर किया गया। जहां शनिवार सुबह पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
विस्तार
बदायूं के सोई आश्रम के संत विदेह नंदनी शरण महाराज का शनिवार सुबह बरेली में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 75 साल के थे। पिछले कई दिन से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। पांच दिन पहले अचानक उनकी हालत बिगड़ गई, जिससे उनके शिष्य उन्हें मुरादाबाद ले गए। हालत में सुधार न होने पर उन्हें बरेली के रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां सुबह करीब पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
विदेह नंदनी शराण महाराज मूलरूप से मदनापुर के निवासी थे। उनके शिष्यों के मुताबिक महाराज वर्ष 1965 में सोई आए थे। यहां उन्होंने आश्रम का निर्माण कराया था। वह सुबह शाम भगवान के ध्यान में लीन रहते थे। इसके लिए उन्होंने आश्रम में एक गुफा का भी निर्माण करवाया था, जिससे वह एकांत में बैठकर ध्यान कर सकें। धीरे-धीरे लोग उनसे जुड़ते चले गए। वर्तमान समय में उनके हजारों शिष्य हैं। उनमें कई मंत्री, विधायक और अधिकारी शामिल हैं। उनकी शरण में जो भी व्यक्ति आया, वह कभी खाली हाथ नहीं गया।
जब सुबह उनके निधन का समाचार सुना तो लोगों ने उनके आश्रम पर पहुंचना शुरू कर दिया। सुबह 11 बजे तक आश्रम में हजारों भक्त पहुंच गए। माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी, शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता समेत कई नेता पहुंच गए। थानों की पुलिस भी पहुंच गई। उनके पार्थिव शरीर को बरेली से आश्रम पर लाया गया। दोपहर बाद उनके शिष्य उन्हें अयोध्या ले गए। वहीं उन्हें समाधि दी जाएगी। उनके शिष्य संत शरण महाराज ने बताया कि महाराज जी का तीन-चार दिन से स्वास्थ्य ज्यादा खराब था। इससे उन्हें बरेली भर्ती कराया गया था। अब उन्हें अयोध्या में समाधि दी जाएगी।
तीन थानों की पुलिस ने संभाली व्यवस्था
बदायूं शहर से करीब 15 किलो मीटर दूर सोई एक छोटा गांव है, लेकिन यहां महाराज के आश्रम की बड़ी मान्यता है। उनके देहांत की खबर सुनकर हजारों भक्त वहां पहुंच गए। इससे आश्रम से लेकर गांव गलियों तक में पैर रखने को जगह नहीं बची। यातायात व्यवस्था भी बिगड़ गई। इसकी सूचना पर सीओ बिसौली सुनील कुमार, वजीरगंज इंस्पेक्टर राकेश कुमार, बिसौली इंस्पेक्टर सुनील अहलावत और कुंवरगांव थाना पुलिस भी पहुंच गई। वाहनों को काफी दूर खड़ा कराया गया। तब कहीं यातायात व्यवस्था ठीक हुई। हजारों लोगों ने उनके अंतिम दर्शन किए।
विदेह नंदनी शराण महाराज का एक आश्रम मदनापुर में ही बना हुआ है। इसके अलावा शिवपुरी, वृंदावन, ऋषिकेश और अयोध्या में भी उनके आश्रम हैं। वह सभी आश्रमों में जाते थे और भक्तों को आर्शीवाद देते थे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.