बदायूं: मझिया गांव में फैला बुखार का प्रकोप, दो बच्चियों समेत तीन की मौत, 10 ग्रामीण बीमार
बदायूं के जगत ब्लॉक के मझिया गांव में दो दिन में बुखार से दो बच्चियों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। करीब दस लोग अभी भी पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने गांव में सफाई और मच्छर नियंत्रण के इंतजाम न होने पर नाराजगी जताई।
विस्तार
बदायूं के जगत ब्लॉक के मझिया गांव में दो दिन के अंदर बुखार से दो बच्चियों समेत तीन की मौत हो गई। गांव में अभी भी करीब 10 लोग बुखार से पीड़ित बताए जा रहे हैं। गांव के अरविंद की चार वर्षीय बेटी प्रिया सागर को पिछले चार दिन से बुखार आ रहा था। परिजन गांव में ही उपचार करा रहे थे। रविवार सुबह अचानक उसे तेज बुखार चढ़ा। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे, इससे पहले उसकी सांसें थम गई। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
गांव के ही संजीव की 11 वर्षीय बेटी निशा भी बुखार से पीड़ित था। परिजन उसका इलाज निजी डॉक्टर से करा रहे थे। उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। बुखार के चलते उसकी मौत हो गई। गांव के ही 60 वर्षीय नेत्रराम पिछले तीन दिन से बुखार से पीड़ित थे। गांव में ही इलाज करा रहे थे। शनिवार को उनकी भी मौत हो गई थी। बद्री प्रसाद के अनुसार गांव में अभी भी करीब 10 लोग बुखार से पीड़ित हैं। दो दिन में तीन लोगों की मौत होने से ग्रामीणों में बीमारी को लेकर डर बना हुआ है।
डेंगू से राजकीय मेडिकल कॉलेज के गार्ड की मौत
गुलड़िया व हाल निवासी चंद्रशील नगर निवासी जुगेंद्र सिंह रिटायर्ड फौजी थे। वह राजकीय मेडिकल कॉलेज में गार्ड के पद पर काम करते थे। एक सप्ताह पहले उनको बुखार आया था। परिजनों के मुताबिक बुखार आने के बाद में वहीं पर इलाज कराया था। बुखार न उतरने पर खून की जांच कराई थी। इसमें वह डेंगू पॉजिटिव पाए गए। हालत बिगड़ने पर परिजन उनको बरेली के एक निजी अस्पताल में चले गए। वहां पर उनका इलाज कराया। लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। उनकी मौत हो गई।
मझिया गांव में सफाई नहीं होने से हालात बिगड़े
मझिया गांव में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से बुखार के फैलने की बात सामने आई है। नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी है। तालाब ओवरफ्लो होने से आसपास के प्लॉटों में पानी भर गया है। उच्च प्राथमिक विद्यालय के पास भी काफी समय से पानी जमा है, जिसमें मच्छर पनप रहे हैं। बुखार फैलने के बावजूद सफाई और मच्छरों से बचाव के इंतजाम नहीं किए गए हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में सफाई व्यवस्था नियमित नहीं है। नालियों और आसपास के स्थानों की सफाई नहीं होने से गंदगी बनी हुई है। तालाब से पानी की निकासी और जलभराव दूर कराने के लिए भी प्रभावी कदम नहीं उठाए हैं। गांव में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने और मौतों के बाद भी पंचायती राज विभाग की ओर से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की पहल नजर नहीं आ रही है।
मलेरिया विभाग ने मच्छरों से बचाव के नहीं किए इंतजाम
ग्रामीण अमन, खेम सिंह, हरवंश, मोनेंद्र सिंह आदि ने बताया कि मलेरिया विभाग ने भी मझिया गांव में मच्छरों से बचाव के इंतजाम नहीं किए हैं। जलभराव वाले स्थानों पर मच्छरों के लार्वा की जांच, एंटी लार्वा छिड़काव और जरूरत के अनुसार फॉगिंग कराई जानी चाहिए थी। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। सफाई और मच्छरों से बचाव के इंतजाम नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
सीएमओ डॉ. विकास शर्मा ने बताया कि मझिया गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजकर मौतों का ऑडिट कराया जाएगा। मौत होने की क्या वजह है। साथ ही गांव में शिविर लगाकर बुखार पीड़ितों की जांच कर दवा का वितरण किया जाएगा।