सफाई कर्मचारी की दो टूक: बोला- विधायक के आवास पर हूं, काम पर नहीं आऊंगा, अधिकारी ने गंदगी देख मिलाया था फोन
सफाई कर्मी ओमप्रकाश को करीब चार महीने पहले बर्खिन गांव में तैनाती के दौरान सस्पेंड भी किया जा चुका है। वहां के प्रधान की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई थी। अब प्रधान रामकिशन ने सफाई कर्मचारी की शिकायत डीएम से की है।
विस्तार
बदायूं के कुंवरगांव में गंदगी फैली देख एडीओ ने सफाई कर्मी को बुलाने के लिए फोेन दिया तो उसने दो टूक कह दिया कि वह विधायक के आवास पर है और गांव नहीं आ सकता। एडीओ ने मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया है। एक विधायक के नाम पर धमकाने के मामले में इस सफाई कर्मी पर पहले भी निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है।
मामला सालारपुर ब्लॉक के आजमगंज मढ़िया गांव का है। इस गांव में 15 नवंबर को सफाई कर्मचारी ओमप्रकाश शाक्य की तैनाती की गई थी। तैनाती के बाद से आज तक वह गांव नहीं पहुंचा। शनिवार को सदर विधायक महेश गुप्ता को गांव में कुछ विकास कार्यों के लोकार्पण करने थे। अधिकारियों ने विधायक के पहुंचने से पहले गांव में सफाई कर्मचारियों की एक टीम भेजी थी लेकिन गांव के लोगों ने टीम को सफाई करने से रोक दिया। ग्रामीण गांव में तैनात सफाई कर्मचारी को बुलाने की मांग करने लगे।
टीम ने मामले की जानकारी सालारपुर एडीओ पंचायत खालिद अली को दी। एडीओ ने सफाई कर्मचारी से फोन पर बात की तो उसने उनसे भी एक विधायक का नाम लेकर दो टूक कह दिया कि वह उनके आवास पर है और गांव में सफाई करने नहीं आएगा।
बताते हैं कि ओमप्रकाश को करीब चार महीने पहले बर्खिन गांव में तैनाती के दौरान सस्पेंड भी किया जा चुका है। वहां के प्रधान की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई थी। अब प्रधान रामकिशन ने सफाई कर्मचारी की शिकायत डीएम से की है। एडीओ पंचायत खालिद अली का कहना है सफाईकर्मी की काफी समय से शिकायतें आ रही है। इस बारे में भी उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।