UP News: बदायूं में फिरौती के लिए कक्षा तीन के छात्र का अपहरण, हत्या कर गन्ने के खेत में फेंका शव
आठ वर्षीय बालक कस्बे के ही प्राथमिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। उसके बाहर रहकर फल बेचते हैं। बुधवार दोपहर से बालक लापता था। बृहस्पतिवार देर रात उसका शव गन्ने के खेत में मिला।
विस्तार
बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के कस्बा मुड़िया धुरेकी से बुधवार को अपहृत कक्षा तीन के छात्र की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव गन्ने के खेत में मिला है। अपहरणकर्ताओं ने छात्र के पिता को मोबाइल पर कॉल करके जब पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी, तब पुलिस हरकत में आई। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बृहस्पतिवार देर रात गन्ने के खेत से शव बरामद कर लिया। पुलिस दुराचार के बाद हत्या की आशंका जता रही है।
आठ वर्षीय बालक कस्बे के ही प्राथमिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। परिवार वालों के मुताबिक बुधवार दोपहर कस्बे में मेरा देश-मेरी माटी कार्यक्रम के तहत कुछ लोग घर-घर माटी मांग रहे थे। बालक भी घर से उनके साथ चला गया, लेकिन फिर घर नहीं लौटा। जब शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला तो परिवार वाले फैजगंज बेहटा थाने पहुंचे।
उन्होंने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पुलिस ने परिवार वालों से छात्र को रिश्तेदारियों में ढूंढने के लिए कह दिया। उसके बाद से परिवार वाले छात्र को तलाश कर रहे थे। इसी दौरान बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2:00 बजे परिवार वालों के मोबाइल फोन पर कॉल आई।
कॉल करने वाले ने उनसे पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। इसके बाद परिवार वाले सीधे थाने पहुंचे और उन्होंने फिरौती की कॉल आने के बारे में जानकारी दी। यह सुनकर पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस ने आनन-फानन गुमशुदगी दर्ज कर ली। साथ ही मोबाइल नंबर के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस ने कॉल डिटेल और मोबाइल नंबर के आधार पर कस्बे के ही एक किशोर को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात चनी गांव के नजदीक किशनपाल के गन्ने के खेत से छात्र का शव बरामद कर लिया। सूचना पर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के कस्बा मुड़िया धुरेकी का छात्र बुधवार को लापता हो गया था। थाने में गुमशुदगी दर्ज है। इस संबंध में एक आरोपी पकड़ा गया है। उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया गया है। छात्र की हत्या दुराचार के बाद किए जाने की आशंका है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.