फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Budaun News ›   Power supply in the city disrupted for four and a half hours due to rain.

Budaun News: बारिश से शहर में साढ़े चार घंटे बाधित रही बिजली

Tue, 28 Jul 2026 01:12 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Tue, 28 Jul 2026 01:12 AM IST
विज्ञापन
Power supply in the city disrupted for four and a half hours due to rain.
धर्मपुर गांव में बिजली समस्या को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
बदायूं। शहर में सोमवार शाम साढ़े चार बजे शुरू हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी, लेकिन बिजली व्यवस्था चरमरा गई। ट्रिपिंग की समस्या सोमवार रात तक बनी रही। बारिश शुरू होते ही शहर के कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। नेकपुर, शिवपुरम, आदर्श नगर, जोगीपुरा, नई सराय, पनवड़िया समेत कई मोहल्लों में अंधेरा छा गया। साढ़े चार घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
विज्ञापन


बारिश के कारण लाइनों में फॉल्ट की शिकायतें लगातार आती रहीं। उपभोक्ताओं का कहना है कि बारिश शुरू होते ही बिजली कटने का सिलसिला शुरू हो जाता है, आपूर्ति घंटों तक बहाल नहीं हो पाती। गर्मी से परेशान लोगों को बारिश से कुछ राहत तो मिली, लेकिन बिजली न होने से घरों में उमस और दिक्कतें बढ़ गईं।
विज्ञापन

विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि बारिश और हवा के चलते लाइनों में फॉल्ट आने से आपूर्ति बाधित हुई। कर्मचारियों को मौके पर भेजकर मरम्मत का काम कराया गया। लगातार बारिश के बाद रात करीब 9 बजे मौसम साफ होने पर कई इलाकों में बिजली आपूर्ति धीरे-धीरे शुरू की गई। हालांकि देर रात तक कुछ मोहल्लों में आपूर्ति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


बारिश से शहर में कुछ जगह फॉल्ट से आपूर्ति बाधित हुई थी। बारिश हल्की होने के बाद कर्मचारियों को भेजकर आपूर्ति शुरू करा दी गई। शहर में सप्लाई व्यवस्थित रखने के लिए रात में टीमें फॉल्ट आदि ठीक कर रही हैं। - अजय कुमार, अधीक्षण अभियंता






45 दिन से धर्मपुर गांव अंधेरे में, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन



उघैती। गांव धर्मपुर में 25केवीए का ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया है। 45 दिन बीतने के बावजूद आधे गांव के ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। आरोप है कि ट्रांसफॉर्मर बदलवाने को कहा तो जेई ने साफ इंकार कर दिया। जवाब दिया कि गांव में बड़े पैमाने पर बिजली का बिल बकाया है, जब तक ग्रामीण बकाया बिल जमा नहीं करेंगे, तब तक ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला जाएगा। विरोध स्वरूप ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया।



ग्रामीण देवेंद्र कुमार, बब्लू शर्मा, पुष्पेन्द्र शर्मा, लोटन कोरी, वीरेंद्र यादव, दीप चंद्र कश्यप ने डीएम को पत्र लिखकर ट्रांसफॉर्मर बदलवाने की मांग की है। अवर अभियंता रुदायन विनोद कुमार ने बताया कि बकाया बिल की वजह से ट्रांसफॉर्मर नहीं बदलवाया गया है। कुछ लोग ही बिल जमा कर दें ताकि ट्रांसफॉर्मर बदलवा दिया जाए। संवाद











सात दिन से फुंका पड़ा है बझेड़ा नूतन का ट्रांसफॉर्मर



ओरछी। गांव बझेड़ा नूतन में सात दिन से अधिक समय हो गया, बावजूद इसके खराब ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला गया है। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार रात दो घरों में नकब लगाकर चोर लाखों का जेवर, नकदी ले गए। गांव में बिजली न होने से लोग भयभीत हैं, वहीं गर्मी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के प्रधान मुकेश यादव, राज कुमार, सौरभ, सोनू, तिलक सिंह आदि ने डीएम से शिकायत की है। संवाद







दोनों गांवों के ट्रांसफॉर्मर बदलवा दिए जाएंगे, जिनके बिल नहीं जमा हैं, उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे। -नरेंद्र चौधरी, एक्सईएन बिसौली






तेज हवा के साथ बारिश ने दी गर्मी से राहत



बदायूं। कई दिन से पड़ रही उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को सोमवार शाम राहत मिल गई। अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। कई लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और छतों के नीचे भागे तो कुछ वाहन सवारों ने भी रास्ते में रुककर बचाव किया। कपड़ा, फल और सब्जी के दुकानदार आनन-फानन में अपना सामान समेटने लगे, लेकिन बारिश इतनी तेज थी कि कई दुकानदारों का सामान भीग गया। सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आईएमडी के अनुसार, आने वाले तीन-चार दिन इसकी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। संवाद



लक्ष्मी लॉन की मार्केट में बिजली लाइन में धमाका, कई व्यापारियों के उपकरण फुंके



बदायूं। जोगीपुरा स्थित लक्ष्मी लॉन मार्केट में सोमवार की रात करीब नौ बजे बिजली लाइनों में फॉल्ट के बाद धमाका हो गया। इससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। फॉल्ट के कारण कई प्रतिष्ठानों के विद्युत उपकरण फुंक गए। एलटी केबल में आग लगने से काफी देर तक बिजली गुल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज आवाज के साथ स्पार्किंग हुई। कुछ देर में केबल से धुआं निकलने लगा। इसके बाद तेज धमाका हो गया। कुछ प्रतिष्ठानों में लगे कंप्यूटर, इन्वर्टर, फ्रिज और अन्य उपकरण खराब हो गए। संवाद

धर्मपुर गांव में बिजली समस्या को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद

धर्मपुर गांव में बिजली समस्या को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed