Budaun News: रोडवेज बस की टक्कर से साइकिल सवार चौकीदार की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर लगाया जाम
मुरादाबाद-फर्रूखाबाद हाईवे पर रोडवेज की टक्कर से साइकिल सवार चौकीदार की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। करीब ढाई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
विस्तार
बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रूखाबाद हाईवे के गांव रतेनगला मोड़ पर शनिवार को सुबह सिकंदराबाद डिपो की रोडवेज बस की चपेट में आकर साइकिल सवार चौकीदार की मौत हो गई। चौकीदारी की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने परिजनों के साथ हाईवे पर जाम लगा दिया। दातागंज एसडीएम व सीओ ने परिजनों को समझाकर बुझाकर जाम को खुलवाया। इसके बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
गांव रतेनगला निवासी राजपाल यादव (52) पुत्र पौथन सिंह उसावां कस्बा स्थित एक पेट्रोल पंप पर चौकीदारी करते थे। शनिवार को सुबह सात बजे वह ड्यूटी करके साइकिल से घर वापस जा रहे थे। रतेनगला मोड़ के पास पीछे से आ रही रोडवेज बस ने उनकी साइकिल को चपेट में ले लिया। हादसे में राजपाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।
ये भी पढ़ें- UP News: कश्मीर में लापता हुए सईद ने कहां गुजारे 22 साल... होगी पड़ताल, एलआईयू और पुलिस खंगालेगी कुंडली
हाईवे पर दो बार लगाया जाम
जाम की सूचना पर इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। ग्रामीणों के शांत होने के बाद जाम खुलवाया गया। लेकिन परिजन आरोपी चालक की गिरफ्तार करने की मांग को लेकर फिर से पुलिस से अड़ गए। परिजनों ने उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर फिर से हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने अधिकारियों को सूचना दी।
सूचना पर एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह, सीओ दातागंज केके तिवारी व दो थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने परिजनों को संत्वाना देकर हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। अफसरों के समझाने के बाद ग्रामीण हाईवे से हट गए। इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह ने बताया कि बस को कब्जे में लिया गया है। आरोपी चलाक की तलाश की जा रही है। तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जाम से हाईवे के दोनों तरफ लगी वाहनों की कतार
चौकीदार की मौत से हाईवे पर दो बार जाम लगा, जिससे ढाई घंटे तक हाईवे पर दोनों ओर जाम की स्थिति बनी रही। दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। अधिकारियों के काफी समझाने के बाद परिजन शांत हुए। तब जाकर पुलिस को राहत मिली। पुलिस ने चौकीदार के बेटे सुधीर की तहरीर पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिजनों ने बताया कि चौकीदार पर चार बेटियां व तीन बेटे हैं। सबसे छोटी बेटी आठ साल की है।