कछला (बदायूं)। गंगाघाट पर अस्थि विसर्जन करने के बाद स्नान करते समय राजस्थान के चार श्रद्धालु बह गए। उन्हें डूबता देख लोगों ने शोर मचाया तो गोताखोरों ने महिला समेत तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं एक महिला का पता नहीं लग पाया। पीएसी के गोताखोर लापता महिला की तलाश में जुटे हैं। कछला गंगाघाट पर हादसा रविवार सुबह करीब नौ बजे हुआ। राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सैंथली का बांस निवासी नानकराम की चाची की अस्थियां विसर्जन के लिए महिलाओं समेत एक ही परिवार के आठ लोग कछला घाट पर पहुंचे। कार से आए लोगों ने अस्थियां विसर्जित कीं। इसके बाद मंगला देवी पत्नी नानकराम, खेमचंद्र, ललिता पत्नी किशोरी लाल और गोकुलराम मीणा गंगा स्नान करने लगे। यह चारों बहते पानी में डूबने लगे।
घाट पर मौजूद परिवार के अन्य लोगों ने बचाव के लिए चीख पुकार मचाई तो गोताखोर गंगा में कूद पड़े। गोताखोरों ने गोकुलराम, ललिता और खेमचंद्र को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन मंगलादेवी (55) नहीं मिलीं। चौकी से पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने पीएसी के स्टीमर से भी खोजबीन शुरू करवा दी। प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक ने बताया कि लापता मंगला देवी का अभी तक सुराग नहीं लग पाया है।