Budaun: बेटे की चाहत में तांत्रिक के जाल में फंसी महिला, रात में सुनसान जगह बुलाकर की शर्मनाक करतूत
बदायूं के बिसौली क्षेत्र में एक महिला से तांत्रिक और उसके साथी ने दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के बेटा नहीं है। परिचित युवक बातों में फंसाकर उसे तांत्रिक के पास लेकर गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के बिसौली कोतवाली इलाके में झाड़-फूंक कराने आई महिला से तांत्रिक समेत दो लोगों ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला का कहना है कि उसके बेटा नहीं है। एक आरोपी उसे झाड़-फूंक कराने के बहाने बिसौली लेकर आया था। दोनों आरोपी रात करीब नौ बजे उसे बिल्सी रोड पर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। उसके शोर मचाने पर दोनों आरोपी मौके से भाग गए। महिला ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पीड़ित महिला बरेली में सुभाष नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसका कहना है कि उसके दो बेटियां हैं। बेटा नहीं है। इससे उसका पति आए दिन ताने देता रहता है। घर में झगड़ा होता है। उसके परिचित ख्याली ने बताया था कि बिसौली में एक ऐसा व्यक्ति है जो लड़का होने की दवा और दुआ देता है। वहां चलकर एक बार दवा ले लो, तो उसको जरूर लड़का होगा। वह बातों में फंसाकर उसको बुधवार को बिसौली ले आया।
विरोध करने पर महिला को पीटा
रात करीब नौ बजे वह बिल्सी रोड पर ले गया, जहां एक खाली मैदान के सामने आलू के खेत में बैठा दिया। वहीं तांत्रिक भी पहुंच गया। फिर उस तांत्रिक ने झाड़-फूंक शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि इसी दौरान उस तांत्रिक ने ख्याली से कहा कि वह अपना काम शुरू कर दे। इससे ख्याली महिला के कपड़े उतारने लगा। उसके साथ छेड़खानी करने लगा। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी।
महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर उसका मुंह दबाने की कोशिश की गई। महिला के विरोध के चलते आरोपी मौके से भाग गए। बाद में महिला किसी तरह कोतवाली पहुंची और पुलिस को घटना के बारे में बताया, जिस पर पुलिस ने ख्याली और तांत्रिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। अब पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि महिला थाने आई थी। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।