झूलता हाईटेंशन तार बना मौत का फंदा: सुरजीत के सिर पर था लोहे का ड्रम, लाइन से टच होते ही हुई मौके पर मौत
करतोली गांव के प्रधान सूरजपाल ने बताया कि गांव के नजदीक खेतों में झूलती हाईटेंशन लाइन की कई बार शिकायत की जा चुकी है। उन्होंने खुद विभागीय अधिकारियों को इसकी शिकायत की है। लेकिन लाइन ठीक नहीं कराई गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव करतोली में बृहस्पतिवार रात झूलती हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 20 वर्षीय सुरजीत की मौत हो गई। वह अपने सिर पर लोहे का ड्रम रखकर खेत से लौट रहा था। रास्ते में लटकती लाइन से ड्रम छू गया। हादसे में उसका एक रिश्तेदार भी झुलस गया है, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के मुताबिक उनके खेत पर धान झाड़ने का काम चल रहा था। रात साढ़े नौ बजे तक सुरजीत पुत्र नरेश और उसके रिश्तेदार बरेली में बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव बिलौर निवासी 30 वर्षीय चंद्रपाल ने खेत पर काम किया था। भूख लगने पर उन्होंने खेत में ही धान पुआल से ढक दिया और ड्रम उठाकर घर चल दिए। ड्रम सुरजीत के सिर पर था और चंद्रपाल पीछे-पीछे चल रहा था।
रात करीब दस बजे झूलती हाईटेंशन लाइन से सुरजीत के सिर पर रखा ड्रम छू गया। इससे सुरजीत करंट की चपेट में आ गया। चंद्रपाल ने उसे बचाने की कोशिश की तो वो भी झुलस गया लेकिन वह सुरजीत को नहीं बचा सका। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चंद्रपाल ने परिवार वालों को सूचना दी। गांव के तमाम लोग आ गए। वह सुरजीत के शव को घर ले गए। रिश्तेदार को कस्बे के निजी अस्पताल भेज दिया गया।
सूचना पर सुबह थाना पुलिस पहुंची। युवक के भाई संजय ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इससे पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को परिवार वालों को ही सुपुर्द कर दिया। दोपहर बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। इंस्पेक्टर अजब सिंह ने बताया कि परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
बोले प्रधान- झूलती लाइन की कई बार कर चुके हैं शिकायत
करतोली गांव के प्रधान सूरजपाल ने बताया कि गांव के नजदीक खेतों में झूलती हाईटेंशन लाइन की कई बार शिकायत की जा चुकी है। उन्होंने खुद विभागीय अधिकारियों को इसकी शिकायत की है। लेकिन लाइन ठीक नहीं कराई गई।