बदायूं। जिले में दातागंज मार्ग पूरी तरह से डग्गामारों के हवाले है। इस मार्ग पर कोई रोडवेज बस सेवा नहीं है। दिन भर यहां ऑटो व डग्गामार वाहन चलते हैं।
शहर से दातागंज को जाने वाला मार्ग ऐसा है कि यहां न तो रोडवेज बस है न ही प्राइवेट। शहर से करीब 27 किलोमीटर दूर दातागंज मार्ग पर बीच में मूसाझाग पड़ेगा। दातागंज से आगे मार्ग ठीक नहीं है। हालांकि यहां देहात के रास्ते से होते हुए बेलाडांडी मार्ग से होकर शाहजहांपुर को रास्ता जाता है, लेकिन कम ही लोग इस मार्ग पर चलते हैं।
उधर, शहर से ऑटो, ट्रैक्टर-ट्रॉली आदि का सहारा लेकर राहगीर गांव तक पहुंचते हैं। शाम पांच बजे के बाद यहां कोई वाहन नहीं होता। लोग या तो अपने निजी वाहनों से जाते हैं या फिर घंटों खड़े रहने के बाद कोई डग्गामार वाहन मिल गया तो उससे जाने को मजबूर होते हैं। इस बारे में रोडवेज के एआरएम अजय कुमार ने बताया कि इस मार्ग पर सवारियां कम हैं। इस बारे में मंथन किया जा रहा है। जल्द ही बस के एक-दो फेरे लगवाए जाएंगे।