{"_id":"5a906bd74f1c1b187e8b7e9d","slug":"convict-climbs-tree-in-jail","type":"story","status":"publish","title_hn":"जेल में पेड़ पर चढ़े कैदी ने किया हंगामा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
जेल में पेड़ पर चढ़े कैदी ने किया हंगामा
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,बदायूं
Updated Sat, 24 Feb 2018 01:00 AM IST
विज्ञापन
Jail
बरेली कोर्ट में पेशी के लिए गारद और वैन न आने से नाराज एक कैदी ने जेल में हंगामा कर दिया। वह जेल परिसर में पेड़ पर चढ़ गया और अंगोछे से फंदा लगाकर जान देने की धमकी दी। अधिकारियों ने बड़ी मुश्किल से उसे उतारा। उसकी रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी गई है।
विज्ञापन
शाहजहांपुर जिला जेल से सात माह पहले ही जगपाल नाम का आजीवन कारावास का कैदी बदायूं जिला जेल ट्रांसफर किया गया था। जगपाल बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के गांव बनिया का निवासी है। बरेली कोर्ट में उसकी तारीख थी। शुक्रवार सुबह उसे बरेली जाना था। उसे ले जाने के लिए पुलिस लाइन से पुलिस वैन और गारद आनी थी। पुलिस लाइन में सामूहिक विवाह समारोह होने की वजह से गारद नहीं आ सकी। सुबह दस बजे करीब जब जगपाल को गारद न आने की जानकारी मिली तो वह नाराज हो गया और जेल परिसर में ही पीपल के पेड़ पर चढ़ गया। करीब 40 फुट ऊपर चढ़कर जगपाल ने हंगामा करना शुरू कर दिया। उसने चेतावनी दी कि उसकी बात नहीं सुनी जाएगी तो वह अपने गले में पड़े अंगोछे से फंदा लगाकर जान दे देगा। इसके बाद नीचे बंदियों की भीड़ जुट गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। बंदीरक्षकों की सूचना पर जेलर प्रेमसागर शुक्ला तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने जगपाल से नीचे उतर आने को कहा पर वह नहीं माना। इस बीच आपात स्थिति देखकर सुरक्षा के कई बंदोबस्त कर लिए गए। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई। हालांकि अधिकारी कार्यक्रम की वजह से नहीं आ सके। करीब आधे घंटे हंगामा चला। जगपाल का कहना था कि उसे बरेली कोर्ट भेजा जाए। जेलर ने गारद न मिलने की बात कही तो उसका कहना था कि जेल स्टाफ के साथ ही भिजवा दो। अधिकारियों ने गोलमोल बातें कर उसे विश्वास में लिया तो जगपाल उतर आया। अधिकारियों ने तुरंत ही उसे बैरक में डाल दिया।
विज्ञापन
जगपाल ने काफी परेशान कर दिया। हालांकि उसे सकुशल उतार लिया गया। इस प्रकरण में उच्चाधिकारियों के साथ ही कोर्ट को भी जानकारी दे दी गई। बता दिया गया कि अभी उसे भेजना संभव नहीं होगा, आगे की तारीख दे दी जाए।
विज्ञापन
- प्रेमसागर शुक्ला, जेलर
बरेली जेल में बंदी की हत्या कर चुका है जगपाल
जगपाल काफी शातिर किस्म का कैदी है। उसे दो बार आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। उसके खिलाफ बरेली से लेकर शाहजहांपुर तक के थानों में हत्या, लूट आदि के करीब 20 मुकदमे चल रहे हैं। बरेली जेल में उसने करीब पांच साल पहले एक बंदी की हत्या कर दी थी। इस मामले में उसके खिलाफ एडीजे फर्स्ट बरेली कोर्ट में केस चल रहा है। इसी की सुनवाई में उसे जाना था। बरेली जेल में घटना के बाद उसे शाहजहांपुर जेल भेजा गया था। वहां भी उसने खुराफात की और पेड़ पर चढ़ गया था। कई कैदियों से मारपीट के भी आरोप लगे। तब उसे बदायूं जेल शिफ्ट किया गया। जब से वह आया है, कुछ और बंदियों का गैंग बनाकर यहां भी खुराफात कर रहा है।