सहसवान (बदायूं)। बृहस्पतिवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने गैंगस्टर आरिफ की 3.29 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली। उसकी गफ्फार मार्केट में बनी 19 दुकानों और आवासीय बिल्डिंग में ताले डालकर उस पर एक नेेटिस चस्पा करा दिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी आरिफ पर गैंगस्टर के अलावा करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने अपराध करके ही करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है। यह संपत्ति उसकी मां अकबरी बेगम के नाम पर है। 21 अप्रैल को एसएसपी की संस्तुति पर संपत्ति जब्तीकरण का मामला डीएम को भेजा गया। बृहस्पतिवार को डीएम के आदेश पर तहसीलदार शिवकुमार शर्मा, नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार, सीओ चंद्रपाल सिंह, इंस्पेक्टर संजीव कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ पठान टोला की गफ्फार मार्केट पहुंचे। इस दौरान ढोल नगाड़े बजाए गए। लाउडस्पीकर से मुनादी कराई गई। पुलिस के वाहनों के सायरन भी बजाए गए। उसके बाद अधिकारियों ने उसकी 19 दुकानें और आवासीय बिल्डिंग को खाली करवाकर सील करा दिया। उन पर नोटिस चस्पा करा दिया गया। लोगों को बताया गया कि अब यह संपत्ति सरकार के अधीन है। कोई छेड़छाड़ करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।