बदायूं का कलयुगी पिता: बेटी ने प्रेमी से की लव मैरिज, यही बात सुन कर दी हत्या; फिर पेट्रोल से जला दिया शव
दातागंज कोतवाली क्षेत्र में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां लव मैरिज की चर्चा पर छात्रा की हत्या कर शव जला दिया है। बेटी बरेली में रहकर पढ़ाई कर रही थी। प्रेम-संबंध की जानकारी मिलने पर परिवार ने समझाया था।
विस्तार
कोतवाली क्षेत्र में लव मैरिज की चर्चा पर छात्रा को उसके पिता ने मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसका शव गांव से काफी दूरी पर पेट्रोल छिड़ककर जला दिया गया। ऑनर किलिंग की यह घटना दातागंज क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, लेकिन पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी।
बेटी ने प्रेमी से की थी लव मैरिज
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती बरेली के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। कॉलेज में ही उसका एक युवक से प्रेम-प्रसंग हुआ तो इसकी भनक लगने पर उसके परिजनों ने आपत्ति जताई। छात्रा अपने प्रेमी के साथ ही शादी करने की जिद पर अड़ी रही, लेकिन उसके परिजनों ने साफ इन्कार कर दिया। वह तीन दिन पहले अपने गांव आ गई और परिजनों के साथ रहने लगी। परिजनों को किसी ने बताया कि उनकी बेटी ने लव मैरिज कर ली है। उसने लव मैरिज संबंधी कुछ सबूत भी दिखाए। इसके बाद छात्रा के परिजन आक्रोशित हो गए।
आरोप है कि मंगलवार की शाम करीब छह बजे छात्रा के पिता ने परिजनों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर उसका शव अपनी ईको में डाला और गांव से बाहर ले गए। गांव से काफी दूरी पर जाकर उसने शव को पेट्रोल डालकर जला दिया। इसके बाद मौके से सबूत हटाते हुए राख को रामगंगा में बहा दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में तमाम तरह की चर्चाएं हैं। इस संबंध में सीओ दातागंज कर्मवीर सिंह का कहना है कि इस संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है। फिर भी अपने स्तर से जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।