बिल्सी। अंबियापुर विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में गोवंशों को संरक्षित करने के लिए बनी गोशालाओं का शीघ्र विस्तार किया जाएगा। इसके लिए मनरेगा से इनमें काम कराया जाएगा। बीडीओ सतीश कुमार सैनी ने सभी ग्राम प्रधान और सचिवों से इसके लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए है। इससे क्षेत्र में घूम रहे छुट्टा पशुओं से भी ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
बीडीओ ने बताया कि क्षेत्र के जिस गांव में गोशाला स्थित है। वहां के टिन शेड की स्थिति, जलभराव की समस्या, बाउंड्रीवॉल और हरे चारे की व्यवस्था को इसमें शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि मनरेगा में पर्याप्त धनराशि मिलती है। इससे इनका विकास तेजी से कराया जा सकता है। बताते है कि कई गोशालाओं की स्थिति काफी खराब है। ग्राम प्रधान को इनके संचालन में दिक्कत होती है। बीडीओ ने बताया कि एसडीएम बिल्सी की ओर से क्षेत्र के गांव हरगनपुर, मिर्जापुर शोहरा, गढ़ी, नागरझूना, पालपुर में गोवंशों के लिए हरे चारे के लिए व्यवस्था करने के लिए भूमि उपलब्ध कराई है। जहां पर गोवंशों के लिए हरी घास को उगाया जाएगा।