फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Budaun News ›   Running Trial Conducted at HPCL Plant 30 Days After Budaun Double Murder

बदायूं कांड: दो अफसरों की हत्या के 30 दिन बाद एचपीसीएल प्लांट में गूंजी मशीनों की आवाज, रनिंग ट्रायल सफल

Sun, 12 Apr 2026 12:58 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं Published by: बरेली ब्यूरो Updated Sun, 12 Apr 2026 12:58 AM IST
सार

बदायूं जिले में एचपीसीएल के दो अफसरों की हत्या से बाद से बंद कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट (सीबीजी प्लांट) का संचालन जल्द शुरू हो सकता है। शनिवार को प्लांट में रनिंग ट्रायल हुआ, जो सफल रहा। बताया जा रहा है कि 13 या 15 अप्रैल से प्लांट फिर शुरू हो सकता है। 

विज्ञापन
Running Trial Conducted at HPCL Plant 30 Days After Budaun Double Murder
एचपीसीएल प्लांट में अफसरों ने किया निरीक्षण - फोटो : संवाद

विस्तार

बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में लगभग एक महीने के ठहराव के बाद शनिवार को फिर से हलचल तेज हो गई। बीती 12 मार्च को प्लांट परिसर में हुई दो अधिकारियों की सनसनीखेज हत्या के बाद से पूरी तरह बंद पड़ी इस औद्योगिक इकाई को दोबारा पटरी पर लाने के लिए प्रशासन और कंपनी प्रबंधन ने संयुक्त रूप से प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में शनिवार को प्लांट में रनिंग ट्रायल कराया गया, जो सफल रहा। इस ट्रायल के सफल होने के बाद अब 13 या 15 अप्रैल से प्लांट के नियमित संचालन की संभावना जताई जा रही है।

विज्ञापन


शनिवार को कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञ तकनीकी टीम ने प्लांट परिसर में डेरा डालकर मशीनों, उपकरणों और उत्पादन प्रक्रिया की बारीकी से जांच की। इस दौरान एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरे ट्रायल की निगरानी की। अधिकारियों के अनुसार, ट्रायल के दौरान मशीनों की कार्यप्रणाली संतोषजनक पाई गई और उत्पादन प्रक्रिया में किसी प्रकार की बड़ी बाधा सामने नहीं आई। इससे यह संकेत मिला है कि प्लांट को जल्द ही पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जा सकता है।
विज्ञापन


प्लांट संचालन को सुचारू रूप से शुरू करने के लिए कंपनी प्रबंधन ने करीब 50 कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली है। यहां करीब 150 लोगों की भर्ती होनी है। इसमें बाहरी लोग भी लाए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इन भर्तियों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी गई है, जिससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। सभी चयनित कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी कराया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की चूक न हो। हत्या की घटना के बाद सुरक्षा को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

 

Running Trial Conducted at HPCL Plant 30 Days After Budaun Double Murder
एचपीसीएल प्लांट - फोटो : संवाद
पराली निस्तारण में निभाएगा अहम भूमिका
एचपीसीएल प्लांट का संचालन केवल औद्योगिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरणीय लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल प्लांट परिसर में करीब 72 टन पराली पहले से ही डंप है, जिसे प्रारंभिक चरण में खपाने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद उत्पादन बढ़ने पर पीलीभीत, बरेली, शाहजहांपुर समेत अन्य जिलों और पंजाब से भी बड़े पैमाने पर पराली मंगाने की योजना है। इससे किसानों को पराली जलाने की समस्या से राहत मिलेगी और वायु प्रदूषण में कमी लाने में मदद मिलेगी।

औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगी रफ्तार
करीब एक माह तक बंद रहने के कारण जहां उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया था, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ा था। अब प्लांट के फिर से शुरू होने की उम्मीद से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इससे न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो आगामी दिनों में प्लांट पूरी क्षमता के साथ संचालित होकर क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Running Trial Conducted at HPCL Plant 30 Days After Budaun Double Murder
एचपीसीएल प्लांट - फोटो : संवाद

हत्याकांड के बाद सुरक्षा व्यवस्था की गई सख्त
गौरतलब है कि 12 मार्च को प्लांट में दो अधिकारियों की हत्या की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। इसके बाद प्लांट को एहतियातन बंद कर दिया गया था और सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। अब दोबारा संचालन से पहले कंपनी और प्रशासन दोनों ही स्तर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। प्लांट परिसर में निगरानी बढ़ाई गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस चौकी पर पुलिस कर्मी तैनात है इसके साथ ही जगह जगह सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ पीएसी भी तैनात है। कंपनी के सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि एचपीसीएल प्लांट का संचालन 13 या 15 अप्रैल से शुरू होने की उम्मीद है। इस घटना में जो भी दोषी मिले हैं उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि एचपीसीएल दोहरे हत्याकांड की जांच पुलिस के स्तर से जारी है। अब तक जिनके भी नाम सामने आए हैं उनको गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई है। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर व एनएसए लगाने की प्रक्रिया भी चल रही है।

Running Trial Conducted at HPCL Plant 30 Days After Budaun Double Murder
बदायूं दोहरा हत्याकांड - फोटो : अमर उजाला
कब क्या हुआ
  • 12 मार्च को सैजनी के एचपीसीएल प्लांट में दो अफसरों सुधीर गुप्ता व हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या की गई। 
  • 13 मार्च को पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के दोनों पैरों में गोली लगी, एक सिपाही भी घायल हुआ।
  • 13 मार्च एसएसपी डॉ बृजेश कुमार सिंह हटाए गए।
  • 14 मार्च को सीएम योगी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए एसआईटी का गठन किया। इसी दिन सीओ उझानी को भी हटाकर लखनऊ भेजा गया।
  • 17 मार्च सैजनी के एचपीसीएल प्लांट में जांच के लिए एसआईटी पहुंची। इसी दिन आरोपी की छह व उसके ताऊ की पांच दुकानों पर बुलडोजर चला।
  • 18 मार्च सैजनी गांव में ग्राम समाज की भूमि पर बाजार लगवाकर आरोपी के परिवार की तह बाजारी वसूलने का मामला उजागर।
  • 20 मार्च अजय के ताऊ राकेश पर 27 अवैध दुकानों का बेदखली का मुकदमा दातागंज तहसीलदार कोर्ट में दर्ज हुआ। 45 लाख 57 हजार जुर्मान लगा।
  • 22 मार्च प्लांट कर्मियों के पुलिस ने बयान दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की।
  • 24 मार्च कंपनी के दो अफसरों के कोर्ट में बयान दर्ज हुए।
  • 25 मार्च आरोपी अजय के ताऊ का सैजनी गांव में बना अवैध फार्म हाउस सील
  • 24 मार्च अजय व उसके पांच भाइयों पर कंपनी के कर्मचारी से मारपीट का एक और केस मूसाझाग थाने में दर्ज हुआ।
  • 28 मार्च अवैध तरीके से तहबाजारी वसूलने के मामले में अजय के ताऊ व पिता व परिवारीजनों पर केस।
  • 2 अप्रैल आरोपी अजय के पिता, ताऊ व करीबी पर जमीन कब्जाने का केस।
  • 3 अप्रैल एचपीसीएल में दोबारा अफसरों की तैनाती हुई।
  • 6 अप्रैल आरोपी अजय के सगे व तहेरे भाई का मुख्य हत्याकांड में नाम बढ़ा, इनाम घोषित हुआ।
  • 8 अप्रैल आरोपी अजय के दो सगे भाईयों ने कोर्ट में सरेंडर किया।
  • 9 अप्रैल आरोपी अजय को जेल से मेडिकल कॉलेज भेजने का मामला सामने आया
  • 11 अप्रैल एचपीसीएल प्लांट का रनिंग ट्रायल हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed