बदायूं। जिला बार एसोसिएशन में शुक्रवार को बदायूं सांसद आदित्य यादव के पहुंचने पर अधिवक्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान सांसद ने अधिवक्ताओं के हित में कई व्यवस्थाएं कराने की घोषणा की।
उन्होंने अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू कराने के लिए संसद में प्रस्ताव रखने और उसे पास कराने के लिए पूरा सहयोग व प्रयास करने की बात कही। सांसद ने जिला बार एसोसिएशन के पुस्तकालय को सुंदर और विस्तारित कराने, ऑडिटोरियम में दो कॉमर्शियल एसी लगवाने तथा अधिवक्ताओं के बैठने के लिए टीन शेड आदि की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने निकट भविष्य में अन्य निर्माण कार्य कराए जाने की भी घोषणा की। सांसद ने कहा कि अधिवक्ताओं के हितों के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे। इस मौके पर जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष देवपाल सिंह, महासचिव संदीप कुमार मिश्र, योगेश्वर प्रताप सिंह, पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष यादव, सफीरुद्दीन आदि मौजूद रहे। संवाद