फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Budaun News ›   साहू धर्मशाला में बूथ कैप्चरिंग का प्रयास, दोबारा होगा मतदान

साहू धर्मशाला में बूथ कैप्चरिंग का प्रयास, दोबारा होगा मतदान

Thu, 23 Nov 2017 12:43 AM IST
Updated Thu, 23 Nov 2017 12:43 AM IST
विज्ञापन
साहू धर्मशाला में बूथ कैप्चरिंग का प्रयास, दोबारा होगा मतदान
फाड़े गए मतपत्र। - फोटो : अमर उजाला
बदायूं। शहर की साहू धर्मशाला मतदान केंद्र पर कुछ खुराफाती तत्वों ने बवाल कर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश की। बवाल करने वालों ने मतपत्र छीनकर फाड़ डाले। मतदान कर्मियों के विरोध करने पर अभद्रता की गई। घटना की सूचना मिलने पर प्रेक्षक, डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी चंद्र प्रकाश मौके पर जा पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। आरोप है कि बवाल करने वाले शरारती तत्वों की भीड़ भाजपा प्रत्याशी के पीछे आई थी। हालांकि भाजपा प्रत्याशी इन्हें अपना समर्थक होने से इंकार कर रही हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी और डीएम ने साहू धर्मशाला मतदान केंद्र के बूथ नंबर 72 पर कैप्चरिंग की कोशिश के कारण दोबारा मतदान कराने का निर्णय किया है।
विज्ञापन

शहर में गोपी चौक के पास स्थित साहू धर्मशाला मतदान केंद्र पर चार बूथ बनाए गए थे। बूथ संख्या 72 में कुल 923 वोटर हैं। शाम साढ़े चार बजे बूथ नंबर 72 पर 610 वोट पड़ चुके थे। इसी दौरान कुछ पर्दानशीं महिलाओं के वोट डालने को लेकर एजेंटों ने आपत्ति की। उनका आरोप था कि कुछ महिलाएं पर्दे की आढ़ में बार-बार वोट डाल रही हैं। मतदान कर्मियों पर फर्जी वोटिंग करने वाली महिलाओं की अंगुली पर स्याही न लगाने का आरोप लगाया। इसकी शिकायत फोन पर कुछ लोगों ने भाजपा की चेयरमैन पद प्रत्याशी दीपमाला गोयल से कर दी। कथित तौर पर फर्जी वोटिंग का पता लगने पर कुछ ही देर में दीपमाला गोयल साहू धर्मशाला मतदान केंद्र पर जा पहुंची। उन्होंने अपनी बाहर गेट पर छोड़ दी और वहां से पैदल मतदान स्थल तक गईं।
विज्ञापन

उनके पीछे करीब दो सौ लोगों की भीड़ शोर मचाते हुए मतदान केंद्र अंदर घुस गई। दीपमाला ने मतदान केंद्र पर मौजूद मतदान कर्मियों और एजेंटों से बात शुरू की तो भीड़ में शामिल लोग बूथों में घुसने लगे। इससे हंगामा होने लगा। माहौल बिगड़ता देख मतदान कर्मियों ने अपने कक्ष के दरवाजे अंदर से बंद कर लिए। इस बीच कुछ लोग बूथ संख्या 72 के अंदर घुस गए और टेबल पर रखे मतपत्र उठाकर फाड़ने शुरू कर दिए। कई लोग मतपत्र उठाकर साथ ले गए। थोड़ी देर में ही भीड़ निकल गई। पीछे से दीपमाला भी चली आईं। इसके बाद मतदान कर्मियों ने भीड़ पर मारपीट करने का आरोप लगाकर शोर मचाना शुरू कर दिया। मतपत्र लुटने और फाड़े जाने की सूचना मिलने पर प्रेक्षक रणवीर प्रसाद मौके पर जा पहुंचे और पीठासीन अधिकारी दिनेश सिंह से घटना की जानकारी ली। मतदान अधिकारी प्रथम नरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि उनके साथ भीड़ ने मारपीट भी की। मतदान अधिकारी सेकेंड भावना सिंह भी सहमी हुई थीं। प्रेक्षक ने कैमरे में वीडियो रिकार्डिंग देखी और पीठासीन अधिकारी से तहरीर लिखकर देने को कहा। थोड़ी देर बाद एडीएम प्रशासन, एसपी सिटी भी पहुंच गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

-------------
खामोश रही पुलिस टीम 
साहू धर्मशाला में भीड़ के घुसने और निकलने के दौरान गेट पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। पुलिस के साथ ही पीएसी के कुछ जवान भी यहां मौजूद थे पर किसी ने हुड़दंगियों को रोकने की कोशिश नहीं की। इस बारे में प्रेक्षक ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस से पूछा कि आपने भीड़ को रोका क्यों नहीं, इस पर एक दरोगा ने कहा कि भीड़ ज्यादा और गुस्से में थी। 
-------------
वर्जन 
मतदान शांतिपूर्वक निपट रहा था। साहू धर्मशाला में कुछ शरारती तत्वों ने मतपत्र फाड़कर माहौल खराब करने की कोशिश की। उनके खिलाफ मुकदमा कायम किया जाएगा। हमारे पास पूरे घटनाक्रम की वीडियो है। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान करके उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। 
- चंद्रप्रकाश, एसएसपी बदायूं 
---
मैं फर्जी वोट डालने की सूचना पर वहां पहुंची थी। मेरे साथ पार्टी का कोई समर्थक नहीं था। मेरे जाने के बाद पीछे से आए कुछ लोगों ने हंगामा किया। इन्हीं में से कुछ लोगों ने मतपत्र फाड़ दिए। मैं तो गिर गई। इनमें से कुछ लोग मेरे ऊपर से निकल गए। प्रशासन को दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। 
- दीपमाला गोयल, भाजपा चेयरमैन पद प्रत्याशी
-----------------
जिले की सभी सात नगर पालिका और 13 नगर पंचायतों के 572 बूथों में 571 पर सकुशल चुनाव संपंन्न हुआ। मगर शहर के गोपीचौक स्थित साहू धर्मशाला के एक बूथ संख्या 72 पर बूथ कैप्चरिंग की घटना हुई है। इससे इस बूथ का मतदान अब दोबारा होगा। इसमें लिप्त व्यक्तियों की वीडियोग्राफी हो चुकी है, जिसके आधार पर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में मतदाताओं ने लगभग 67.5 प्रतिशत मतदान किया।

- दिनेश कुमार सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी
---------
बूथ कैप्चरिंग में रिपोर्ट दर्ज
साहू धर्मशाला में बूथ कैप्चरिंग के प्रयास की घटना के बाद देर रात कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पीठासीन अधिकारी दिनेश सिंह की ओर से करीब 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई। इसके आधार पर कोतवाली में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। कोतवाल अजय यादव ने बताया कि वीडियो रिकार्डिंग के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed