बड़ा खुलासा: नफीस ने ट्रक से कुचलकर की थी प्रेमिक की हत्या, बिजनौर में क्षत-विक्षत मिला था शव, आरोपी गिरफ्तार
बिजनौर के अफजलगढ़ थानाक्षेत्र में शनिवार को हाईवे पर महिला का क्षत विक्षत शव मिला था। महिला की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास के जिलों में सूचना दी और सोशल मीडिया पर भी महिला का शव मिलने से संबंधित पोस्ट वायरल की गई, जिसे देख महिला के पति ने उसकी पहचान की। सोमवार को पुलिस ने हत्यारोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शनिवार दोपहर को अफजलगढ़ थानाक्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 74 पर मिले महिला के शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने इस मामले में बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी नफीस को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उत्तराखंड निवासी महिला की हत्या उसके ही प्रेमी ने की थी। महिला के पति सुखबीर सिंह ने अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के ही गांव मनियावाला निवासी नफीस को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद पुलिस उसकी धरपकड़ में जुट गई थी।
जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के जिले ऊधम सिंह नगर बाजपुर के गांव भीकमपुर निवासी सुखबीर सिंह पुत्र हरनाम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 8 वर्ष पहले 2013 में मनप्रीत कौर के साथ हुई थी। उनके एक पुत्री भी है, जिसका नाम प्रबदीप है।
प्रेमी के साथ चल रही थी मनप्रीत की अनबन
उसकी पत्नी काशीपुर में रहकर कपड़े की दुकान पर काम करती थी। इसी बीच उसकी पत्नी मनप्रीत कौर के प्रेम संबंध अफजलगढ़ थाने के गांव मनियावाला निवासी नफीस पुत्र अमीर अहमद कुरैशी से हो गए, लेकिन कुछ दिनों से उन दोनों के बीच अनबन चल रही थी।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर: कई दिन से लापता किशोर की हत्या, पुलिस ने किया ऐसा काम, कार्रवाई पर उठे सवाल
पत्नी को घर से साथ लाया था नफीस
सुखबीर सिंह की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि आरोपी नफीस पूर्व में भी उसकी पत्नी को दो बार जान से मारने की धमकी दे चुका था। 17 सितंबर की रात करीब 9 बजे नफीस उसकी पत्नी को योजनाबद्ध तरीके से अपने साथ ले गया। इसके बाद रात में ही उसकी पत्नी की ट्रक से कुचल कर उसकी हत्या कर दी।
पीड़ित ने पुलिस को नामजद तहरीर सौंपकर आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इस संबंध में कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थी। सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।
दुर्घटना का रूप देने के लिए ट्रक से कुचला शव
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में प्रेमिका की हत्या करना कबूल किया है। आरोपी ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए ट्रक चढ़ाकर शव को क्षत-विक्षत कर दिया। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने प्रेस वार्ता कर पूरी घटना का खुलासा करते हुए गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया।