Bijnor में डीएम की बड़ी कार्रवाई: दो ग्राम पंचायत सचिव निलंबित, प्रधानों के अधिकार सीज, ये है मामला
डीएम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पंचायत सचिवों को निलंबित किया है। इसके अलावा दोनों पंचायतों के प्रधानों के प्रशासनिक व वित्तीय अधिकार भी सीज किए गए हैं।
विस्तार
बिजनौर में डीएम उमेश मिश्रा ने वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में हल्दौर ब्लॉक के दो पंचायत सचिवों को निलंबित किया गया है। दोनों पंचायतों के प्रधानों के प्रशासनिक व वित्तीय अधिकार भी सीज किए गए हैं। आगे की जांच के लिए तकनीकी व प्रशासनिक अधिकारी अलग-अलग नियुक्त किए गए।
हल्दौर ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुकरंदपुर में धर्मेंद्र कुमार प्रधान और विनीत कुमार सचिव हैं। डीपीआरओ सतीश कुमार ने पंचायत के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। पंचायत को सीसी रोड निर्माण, हैंडपंपों की मरम्मत, स्वच्छता अभियान, प्राथमिक विद्यालय में टाइल्स लगवाने के लिए अप्रैल 2021 से लेकर फरवरी 2022 तक 15, 69,284 रुपये की धनराशि आवंटित हुई।
आरोप है कि पैसा पंचायत खातों से निकाल लिया गया। निरीक्षण में कराए गए अधिकांश कार्यों के अभिलेख नहीं दिखाए गए। प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितता का मामला बनता है। इसलिए मुकरंदपुर पंचायत के सचिव विनीत कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। जबकि प्रधान धर्मेंद्र कुमार के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज किए गए। आगे की जांच अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी और जिला विकास अधिकारी को सौंपी गई है।
ग्राम पंचायत बल्दिया में पीयूष चौधरी ग्राम पंचायत अधिकारी और रोहित कुमार प्रधान हैं। पंचायत को सीसी रोड निर्माण, प्राथमिक विद्यालय में टाइल्स लगवाने, सफाई उपकरण खरीदने, स्कूल की रंगाई पुताई के लिए 18,17,818 रुपये की धनराशि आवंटित की गई। डीपीआरओ सतीश कुमार के अनुसार निरीक्षण में काम हुए नहीं मिले और अभिलेख भी नहीं दिखाए गए। एक ही मद का दोबार भुगतान किया गया। प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितता का मामला बनता है। इसलिए बल्दिया पंचायत के सचिव पीयूष चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। पंचायत के प्रधान रोहित कुमार के प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार सीज किए। आगे की जांच अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा और जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी को सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें: Big Case: मां-बेटियों की मौत से खाकी पर दाग, टूटा दरवाजा बना बड़ा सबूत, पुलिस ने घर में घुसकर की थी अभद्रता, देखें तस्वीरें
अन्य प्रधान पर भी लटकी तलवार
डीएम उमेश मिश्रा ग्राम पंचायतों के ताबड़तोड़ निरीक्षण करा रहे हैं। पंचायतों के विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी जा रही। अब तक करीब एक दर्जन पंचायत सचिव और सफाई कर्मचारी निलंबित हुए हैं। चालू वित्तीय वर्ष में पहली बार वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में दो प्रधानों के प्रशासनिक व वित्तीय अधिकार सीज हुए हैं। डीपीआरओ कार्यालय के अनुसार कुछ और पंचायतों की जांच जारी है। प्रधानों पर कार्रवाई हो सकती है। दो प्रधानों के हथियार सीज होने से प्रधानों में खलबली है।
यह भी पढ़ें: पिता का दर्द: रोते हुए कहा- दरवाजा तोड़कर घर में घुसी थी पुलिस, महिलाओं से की थी अभद्रता, मां-बेटियों की मौत से मचा हड़कंप
विकास कार्यों के लिए बनेगी समिति
डीपीआरओ सतीश कुमार के अनुसार हल्दौर ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुकरंदपुर और बल्दिया में विकास कार्य जारी रहेंगे। संचालन के लिए समिति गठित होगी। समिति गठन की निश्चित प्रक्रिया होती है। समिति पंचायत सदस्यों की होती है।