बिजनौर: हादसे में बाइक सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल, एक की मौत
दर्दनाक हादसे में बाइक सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है, जहां एक युवक की मौत हो गई।
विस्तार
बिजनौर जनपद के स्योहारा में एक बाइक पर सवार चार युवक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को सीएचसी लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने चारों को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों में एक युवक की मौत हो गई है। बताया गया कि यह घटना गुरुवार रात पौने बारह बजे नूरपुर स्योहारा मार्ग पर गांव सदाफल वाले मोड़ पर हुई है।
तेज रफ्तार बना हादसे का कारण
गुरुवार रात में तेज रफ्तार बाइक चलाना और एक बाइक पर चार युवकों का सवार होना सड़क हादसे का कारण बना। सड़क हादसे में बाइक सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें से एक युवक को इलाज के लिए मुरादाबाद ले जाते हुए रास्ते में मौत हो गई। एक की स्थिति अभी चिंताजनक बनी हुई है।
गुरुवार रात पौने बारह बजे नूरपुर की ओर से एक बाइक तेज रफ्तार से आ रही थी। बाइक पर चार युवक सवार थे। उन्होंने हेलमेट भी नहीं पहना था। उसी समय गांव मुबारकपुर गढ़ी के मोड़ पर सदाफल की ओर से एक गन्ने से भरी भैंसा बुग्गी आ रही थी। बाइक तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पीछे से भैंसा बुग्गी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुग्गी सड़क के किनारे कच्चे नाले में पलट गई। हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना स्थल पर चीख-पुकार मचने लगी। लोगों की मदद से घायलों को बुग्गी से निकाला गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 की मदद से एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चारों युवकों की पहचान अमर सिंह (22) पुत्र धीर सिंह निवासी गांव कडुला शाहकोट थाना शेरकोट, शिवराज (21) पुत्र रामअवतार, उमेश (20) पुत्र तुलाराम निवासी गांव माहूपुरा थाना अफजलगढ़ के रूप में हुई। जबकि 21 वर्षीय एक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। चिकित्सकों ने शिवराज व अज्ञात युवक को गंभीर घायल होने के कारण हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं दो घायलों को परिजनों के कहने पर सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से धामपुर सीएचसी भेज दिया गया। हायर सेंटर मुरादाबाद ले जाते हुए घायल शिवराज की रास्ते में ही मौत हो गई। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
थानाध्यक्ष आशीष कुमार तोमर ने बताया कि यातायात नियमों का पालन न करने के कारण ये भीषण हादसा हुआ है। एक बाइक पर चार सवार थे, तेज रफ्तार थी, बिना हेलमेट ड्राइविंग हादसे का कारण बना।