बारिश से मौसमी नदी, नालों में उफान
कालागढ़। दो दिन से कालागढ़ के पहाड़ों पर हो रही बारिश से सभी मौसमी नदी, नाले उफान पर हैं। पानी कालागढ़ से रामगंगा नदी में हरेवली की ओर बढ़ रहा है।
कालागढ़ के पर्वतों पर हो रही बारिश के कारण रामगंगा नदी में आसपास के मौसमी नदी, नालों का पानी हरेवली की ओर बढ़ रहा है। कालागढ़ में सूखा स्रोत, मीरा स्रोत, चौड़ा स्रोत, धारा नदी आदि उफान पर हैं। बारिश के चलते कालागढ़-धामपुर मार्ग पर यात्री वाहन कम ही चल रहे हैं। बाजारों में सन्नाटा पसरा है। स्कूलों व कालेजों में बच्चे नहीं पहुंच सके। इसके अलावा भिक्कावाला क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप रही। भिक्कावाला बिजलीघर से भिक्कावाला, धर्मपुरा को बिजली आपूर्ति दे रहे फीडर ठप रहे। जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से दोपहर तक वाहन लाइट जलाकर सड़कों पर दौड़ते देखे गए। संवाद