भाजपा को दो बड़े झटके: इन दो नेताओं ने पार्टी से दिया इस्तीफा, टिकट की मांग पूरी न होने पर लिया फैसला
बिजनौर में भाजपा को झटका लगा है। हरजिंदर कौर ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। बताया गया कि हरजिंदर कौर चेयरमैन प्रत्याशी के टिकट की मांग कर रही थीं।
विस्तार
बता दें कि बिजनौर नगर पालिका सीट से टिकट घोषित होते ही रूठने-मनाने का दौर शुरू हो गया है। नगर पालिका बिजनौर सीट से टिकट मांग रही भाजपा क्षेत्रीय मंत्री हरजिंदर कौर ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि हरजिंदर कौर बिजनौर से टिकट मांग रही थी और प्रबल दावेदार थी। यहां पर भाजपा ने डॉ. वीरबल सिंह की पत्नी इंदिरा सिंह को टिकट दिया है। उनका यह पत्र भाजपा के पेज और व्हाट्सएप ग्रुप पर भी खूब वायरल हो रहा है।
भाजपा नेता नीरज शर्मा भी हुए नाराज
बिजनौर नगर पालिका से पत्नी के लिए टिकट मांग रहे नीरज शर्मा भी भाजपा से नाराज हो गए हैं। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट डालकर गुस्सा जताया।
इसके कुछ ही देर बाद नीरज शर्मा ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया। बताया गया कि भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष नीरज शर्मा ने पालिका अध्यक्ष का टिकट न मिलने पर पार्टी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
उधर, सपा से बिजनौर सीट का टिकट कटने के बाद रुखसाना परवीन ने अब रालोद का दामन थाम लिया है। बिजनौर नगर पालिका सीट से रुखसाना परवीन ने रालोद से नामांकन किया है। सपा से स्वाति वीरा को चुनाव मैदान में उतारा था।
बिजनौर पालिका से निवर्तमान चेयरमैन रुखसाना परवीन ने आखिरकार साइकिल की सवारी छोड़कर रालोद का दामन थाम लिया है। एक दिन पहले ही रुखसाना परवीन ने समाजवादी पार्टी के सिंबल से नामांकन कराया था लेकिन, देर शाम तक उनका टिकट काटकर पूर्व विधायक रुचि वीरा की बेटी स्वाति वीरा को दे दिया गया था। जिसके बाद रात में ही समीकरण बदल गए और रुखसाना परवीन ने दोबारा रालोद के सिंबल पर नामांकन कराया है। उधर, नजीबाबाद में भी हाजी फैसल को फिर से उम्मीदवार घोषित कर दिया है।
दरअसल, बीच में समाजवादी पार्टी की ओर से निवर्तमान चेयरमैन को टिकट दे दिया गया था। इससे पहले फैसल को तय किया था लेकिन, बाद में फिर से फैसल के नाम पर मोहर लगी है और मौजम खान का टिकट काट दिया गया है।