विधायक ने गिनाईं कृषि कानून की खामियां
नजीबाबाद। विधायक हाजी तसलीम अहमद ने गांव अलीपुरा में किसान घेरा चौपाल में कृषि कानून को किसान विरोधी बताया। उन्होंने कृषि कानून की खामियों पर चर्चा करते हुए दिल्ली में चल रहे आंदोलन के प्रति केंद्र सरकार की उदासीनता पर भी चिंता व्यक्त की।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर गांव अलीपुरा में किसान घेरा कार्यक्रम के अंतर्गत चौपाल का आयोजन किया गया। शुक्रवार को आयोजित चौपाल में विधायक हाजी तसलीम अहमद ने कृषि कानून को कृषि व्यवस्था और किसानों की रीढ़ तोड़ने वाला कानून बताया। उन्होंने कहा कि किसानों को कानून के संबंध में विश्वास में लिए बिना कानून थोपना इस बात को प्रमाणित करता है कि यह कानून पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के साथ किसानों के आर्थिक और मानसिक शोषण के लिए थोपा गया कानून है। विधायक ने कहा कि कृषि कानून के संबंध में सपा विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर एमएसपी सहित कानून के नुकसान से अवगत कराएगी। किसान चौपाल में ग्राम प्रधान नजाकत एड., निसार अहमद, इश्तियाक एड., अंजार अहमद, नईम मकरानी, शहजाद राव, मो.सलमान, शाहिद मलिक, गुल मोहम्मद, अनवर खां मंसूब, जाहिद अंसारी, हाफिज सिराजुद्दीन आदि उपस्थित रहे।