काशीरामपुर संपर्क मार्ग खस्ताहाल, लोग परेशान
बिजनौर, मंडावली। काशीरामपुर संपर्क मार्ग की हालत खराब होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने इस मार्ग पर ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने और मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।
मंडावली क्षेत्र का मोहनपुर-काशीरामपुर संपर्क मार्ग बेहद खस्ताहाल है। संपर्क मार्ग से भागूवाला, दहीरपुर, श्यामीवाला और सराय आदि गांव जुड़े हैं। ओवरलोड वाहनों के आवागमन से मार्ग जगह-जगह गहरे गड्ढे में तब्दील हो चुका है। बरसात ने इस सड़क की सूरत पूरी तरह से बिगाड़ दी है। गांव के रामशरण, सुशील कुमार, तरुण कुमार, कल्याण सिंह, संजीव कुमार, मुनेश कुमार, पीतम सिंह ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने और खस्ताहाल मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामवासियों ने चेताया कि उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र से ओवरलोड वाहनों को नहीं गुजरने देंगे।