धामपुर। धामपुर तहसील क्षेत्र के किसान बड़ी संख्या में 67वें दिन भी किसान आंदोलन में दिल्ली में गाजीपुर बॉर्डर पर डटे हैं। भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष स्योहारा गजेंद्र सिंह टिकैत का कहना है कि प्रदेश सरकार के आदेश पर किसानों के आंदोलन को फेल करने को भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती कर रखी है। किसानों में डर बैठाने के लिए सारे षड्यंत्र सरकार रच रही है लेकिन किसानों का मनोबल बढ़ता ही जा रहा है। किसानों ने आंदोलन मंच के पास आकर बवाल करने का प्रयास करने के आरोपी भाजपा विधायक नंदकिशोर और उसके समर्थकों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उनके साथ नीटू यादव, आलोक चौधरी, बॉबी, वंश, आयुष, अजीत, दिव्यांशु रहे।
गजेंद्र सिंह टिकैत ने क्षेत्र के किसानों से एक फरवरी को बिजनौर में आईटीआई मैदान में होने वाली किसान महापंचायत में पहुंचने की अपील की है। भाकियू तहसील अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान, धामपुर के ब्लाक अध्यक्ष दुष्यंत राणा, कविराज सिंह, डा. महेंद्र सिंह ने भी दिल्ली बार्डर से क्षेत्र के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में किसान महापंचायत में पहुंचने की अपील है। कांग्रेस नेता आदित्य सिंह ने किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं से पहुंचने की अपील की है। कहा कि जब तक केंद्र सरकार तीनों कृषि काले कानूनों को वापस नहीं लेती है। आंदोलन की धार को कम नहीं होने दिया जाएगा।