किसान ध्यान दें: गन्ना आंकड़े ठीक कर लें, वरना सीजन शुरू होने के बाद होगी बड़ी परेशानी
बिजनौर के धामपुर गन्ना समिति में 10 दिवसीय किसान मेला शुरू हुआ। अधिकारियों ने किसानों से कहा कि वे गन्ना संबंधी आंकड़ों को समय रहते ठीक करा लें, वरना पेराई सीजन शुरू होने पर बड़ी परेशानी होगी।
विस्तार
बिजनौर के धामपुर गन्ना समिति परिसर में मंगलवार से गन्ना विभाग की ओर से 10 दिवसीय किसान मेला शुरू हो गया। इस मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक के डायरेक्टर राणा प्रियंकर सिंह, गन्ना समिति के सभापति मोहन सिंह रामवीर, धामपुर चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक ओमवीर सिंह, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अमित कुमार पांडे और सचिव विनोद कुमार सिंह ने फीता काटकर किया।
इस मौके पर मौजूद अधिकारियों ने किसानों को स्पष्ट संदेश दिया कि वे अपने गन्ने से संबंधित आंकड़ों को ध्यानपूर्वक जांच लें। अगर किसी प्रकार की गलती या त्रुटि है तो तुरंत आपत्ति दर्ज कर उसे सही कराएं।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसान इस प्रक्रिया में लापरवाही करते हैं तो पेराई सीजन शुरू होने के बाद बड़ी दिक्कतें खड़ी हो जाएंगी। उस समय किसी भी स्थिति में आंकड़ों को सुधारना संभव नहीं होगा।
मेले में धामपुर चीनी मिल और गन्ना विभाग के तमाम आला अधिकारी भी मौजूद रहे। आयोजन में किसानों को गन्ना मापतौल, भुगतान व्यवस्था और अन्य तकनीकी जानकारियां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।