नहीं हो रहा ‘दो गज दूरी बहुत जरूरी’ सिद्धांत का पालन
बिजनौर। मंगलवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश को संबोधन के साथ ही बुधवार को फिर सड़कों पर भीड़ दिखाई दी। प्रधानमंत्री के संदेश दो गज दूरी बहुत जरूरी का पूरी तरह पालन नहीं हो रहा है। लोग सड़कों पर व दुकानों पर बिना सोशल डिस्टेंसिंग के घूम रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में लॉकडाउन आगे बढ़ाने की बात कही, लेकिन इसके बारे में गाइड लाइन अभी जारी नहीं हुई है। प्रधानमंत्री ने दो गज दूरी बहुत जरूरी का मंत्र भी दोहराया, लेकिन जिले में इसका ज्यादा पालन नहीं हो रहा है। यह तब है जब जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। बुधवार को भी सड़कों पर भीड़ दिखी। सिविल लाइन, मुख्य बाजार और सब्जी मंडी में लोगों की भीड़ रही। पुलिस इन्हें रोक नहीं पा रही है। हालांकि बिना वजह घर से निकलने वाले लोगों के वाहनों के चालान काटा जा रहा है, फिर भी लोग मानने को तैयार नहीं है। एसडीएम बृजेश कुमार का कहना है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जनता को अपनी आदत में खुद ही शामिल करना होगा। लॉकडाउन का पालन कराने में प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।