ईद उल उजहा: बिजनौर में सुरक्षा के घेरे में ईदगाह में अदा की नमाज, मुल्क की खुशहाली के लिए मांगी दुआ
बकरीद के मौके पर सोमवार को बड़ी संख्या में मुसलमानों ने ईदगाह पर नमाज अदा की। जिले में इस दाैरान सुरक्षा चाक चाैबंद रही।
विस्तार
बिजनौर जिलेभर में ईद उल अजहा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बिजनौर सहित अन्य सभी जगह ईदगाह में नमाज अदा की गई। मुसलमानों ने देश की खुशहाली के लिए हाथ उठाकर अल्लाह दुआ मांगी। बकरीद की नमाज नमाज शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुई। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्था रही।
बकरीद के मौके पर सोमवार को बड़ी संख्या में मुसलमानों ने ईदगाह पर नमाज अदा की। बिजनौर, धामपुर, नगीना, नजीबाबाद, हल्दौर, नूरपुर, नहटौर, चांदपुर आदि जगहों पर बकरीद की नमाज अदा की गई। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद उल अजहा की बधाई दी।
बिजनौर ईदगाह पर एसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, एसडीएम सदर मनोज कुमार सिंह, सीओ सिटी संग्राम सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। उधर, धामपुर में नगीना मार्ग पर स्थित ईदगाह पर बड़ी संख्या में मुसलमान बकरीद की नमाज के लिए पहुंचे। शहर इमाम मुफ्ती मोहम्मद कमर कासमी ने ईद की नमाज अदा कराई।
देश और काम की खुशहाली के लिए अल्लाह ताला की इबादत की। पुलिस प्रशासन ने किसी को भी ईदगाह से बाहर सड़क पर नमाज अदा करने की इजाजत नहीं दी। इस अवसर पर एएसपी धर्म सिंह, एसडीएम रितु रानी ,सीओ सरवम कुमार, कोतवाल किशन अवतार, एलआईयू इंस्पेक्टर विनेश सिंह आदि पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
सांसद चंद्रशेखर और पालिका अध्यक्ष चौधरी रवि कुमार सिंह ने दी मुबारकबाद-
नमाज के संपन्न हो जाने के बाद सभी ने एक दूसरे के गले मिलकर मुबारकबाद दी। इस मौके पर पालिका प्रशासन की ओर से शिविर लगाया। साथ आजाद समाज पार्टी की तरफ से लगे शिविर में नगीना लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंद्रशेखर और पालिका अध्यक्ष चौधरी रवि कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ मुसलमान को ईद की मुबारकबाद पेश की। इस अवसर पर डॉक्टर कमाल अहमद, जावेद रहमान शम्सी, शमीम अहमद फल वाले, हाजी हसन अशरफ पहलवान आदि बड़ी संख्या में मुसलमान शामिल रहे।
मार्ग को कर दिया था डायवर्ट
धामपुर में पुलिस प्रशासन की ओर से ईद के दौरान शांति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से नगीना हाईवे 74 से भीतरी भाग को आने वाले मार्ग को डायवर्ट कर दिया था। सभी वाहनों को दुर्गा विहार कॉलोनी स्थित बाईपास से निकाला जा रहा था।
इस दौरान बायपास मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। ईद की नमाज संपन्न हो जाने के बाद व्यवस्था को पहले की तरह शुरू कर दिया गया।