निराश्रित गोवंश को पंचायत घर में किया बंद
स्योहारा। फसलों को नुकसान पहुंचा रहे निराश्रित गोवंशीय पशुओं को पकड़कर गांववालों ने पंचायतघर में बंद कर दिया। लोगों ने खंड विकास अधिकारी और पुलिस से शिकायत कर पशुओं को गोशाला में छोड़े जाने की मांग की है।
रविवार को क्षेत्र के गांव नरावली में ग्रामीणों ने खेतों में घूम रहे 18 से 20 आवारा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर पंचायतघर में बंद कर दिया और मुख्य गेट का ताला लगा दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह टिकैत, बीडीओ ऋषिपाल सिंह और थाना अध्यक्ष राजीव चौधरी को दी। मामले की जानकारी मिलने पर किसान यूनियन के कार्यकर्ता व एसआई प्रशांत कुमार मौके पर पहुंच गए। गजेंद्र सिंह, तेजपाल सिंह, धर्मपाल सिंह, नवनीत कुमार, रविंद्र कुमार, चिरंजीलाल, दीपक कुमार आदि का कहना है कि क्षेत्र में पशु लगातार देखे जा रहे हैं और किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों से गांव में घूम रहे निराश्रित पशुओं को गोशाला में छोड़े जाने की मांग की। खंड विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह का कहना है कि ग्राम अमानतपुर में गोशाला का निर्माण चल रहा है बहुत जल्द निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।