अंक तालिका देने के बहाने स्कूल में जुटाई भीड़
धामपुर। शिखर शिशु सीनियर सेकेंड्री स्कूल में शैक्षिक सत्र के दूसरे दिन सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन किया गया। स्कूल में बृहस्पतिवार को कक्षा छह, सात, आठ, नौ और 11वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को अंक तालिकाओं लेने के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि अभिभावकों पर लॉकडाउन के दौरान की फीस जमा करने का भी दबाव बनाया गया। शासन की सख्ती के बाद भी स्कूल में भीड़ जुटाई गई।
स्कूल में पहुंचे अधिकांश छात्र-छात्राओं के मास्क नहीं लगाया था। सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया गया। कई शिक्षकों ने भी गाइडलाइन का पालन नहीं किया। अभिभावकों ने विद्यालय की कार्यशैली की आलोचना की। कहा कि जब सरकार की ओर से पाबंदी है तो अंकतालिकाआें को बाद में वितरित करना चाहिए था। लेकिन अंक तालिका वितरण करने की आड़ में अभिभावकों पर लॉकडाउन के दौरान की फीस जमा करने का दबाव बनाया गया। सभी छात्र-छात्राओं को अंकतालिकाएं भी उपलब्ध नहीं कराई र्गइं। स्कूल की प्रधानाचार्य आशा त्यागी का कहना है कि ऐसा मामला उनके संज्ञान में नहीं आया। वहीं, एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने मामले की जांच करा कार्रवाई का आश्वासन दिया है।