बिजनौर। चांदपुर में मार्बल व्यापारी से हुई लूट में शामिल पांच बदमाशों को चांदपुर पुलिस, स्वॉट व सर्विलांस टीम ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। पुलिस ने लूटी गई रकम व पांच तमंचे बरामद किए हैं।
सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता के अनुसार 24 फरवरी को चांदपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी मार्बल की दुकान पर बदमाशों ने मारपीट करके सवा लाख रुपये, गहने व मोबाइल की लूट की थी। बुधवार को चांदपुर पुलिस ने सूचना पर चीनी मिल के सामने सब्जी मंडी के तिराहे से बदमाशों को गिरफ्तार करने की कोशिश की तो बदमाशों ने पर फायर कर दिए। पुलिस ने अपना बचाव करते हुए पांचों बदमाशों को दबोच लिया। बदमाशों ने अपने नाम विकास कुंज लोनी बॉर्डर गाजियाबाद निवासी आबिद, थाना चांदपुर के गांव रसूलपुर नंगला निवासी नाजिर व अब्बास, मोहल्ला अंसारयान निवासी कासिम, हल्दौर थाने के गांव अम्हैड़ा निवासी अरमान बताए। आरोपियों के पास से 315 बोर के तीन व 12 बोर के दो तमंचे मिले। उनके पास से लूटी गई रकम के 35200 रुपये, एक अंगूठी, एक यूपीएस, एक एलईडी, मोबाइल फोन व लूट में प्रयुक्त बाइक भी मिली। पांचों बदमाशों पर जिले में पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक लव सिरोही, एसआई करमजीत सिंह, जयदेव सिंह, चंद्रवीर सिंह, स्वॉट टीम से संजय कुमार धीर, मनोज परमार, पंकज तोमर, खालिद आदि शामिल रहे।