Property Dealer Murder Case: आवाज दी, रोका और मार दी गोली, सामने आईं अहम बातें, हर पहलू पर जांच कर रही पुलिस
Property Dealer Murder Case : बिजनौर में हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर को आवाज देकर रोका और फिर गोली मार दी। इस हत्याकांड में ये अहम बातें सामने आईं हैं। उधर, पुलिस हर पहूल पर जांच कर रही है।
विस्तार
बिजनौर में हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर डाली। प्रॉपर्टी डीलर अपनी बाइक उठाकर चलने ही वाले थे तभी पीछे से आए बदमाशों ने आवाज दी और रोक लिया। इस दौरान प्रॉपर्टी डीलर कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपियों ने गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी पैदल ही मौका-ए-वारदात से फरार हो गए। पुलिस इस मामले में रंजिश और लेनदेन समेत अन्य कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
प्रॉपर्टी डीलर सुशील कुमार की श्री हॉस्पिटल के पास दुकान है जो कि उन्होंने किराए पर दे रखी है। बुधवार की शाम को वे अपनी दुकान पर आए थे। दुकान से लौटते हुए पास में ही खड़ी अपनी बाइक पर बैठकर चलने लगे तभी पीछे से आए दो युवकों ने उन्हें आवाज दी और रोक लिया। अचानक तमंचे से गोली चला दी।
इस दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने सेंट मैरी चौराहे पर खड़ी यातायात पुलिस को मामले की जानकारी दी। यातायात पुलिस दौड़कर पहुंची तो प्रॉपर्टी डीलर सुशील कुमार घायल हालत में पड़े हुए थे। पुलिस कर्मियों ने उन्हें तुरंत ही अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक प्रॉपर्टी डीलर के बेटे का नाम एक साल पहले हुई फायरिंग की घटना में सामने आया था। पुलिस उस पहलू पर भी जांच कर रही है। इसके साथ-साथ प्रॉपर्टी संबंधी लेनदेन के पहलू पर भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: कौन है कुख्यात सुनील राठी: जिसे कोर्ट ने सुनाई 10 साल की सजा, घोषित है अंतरराज्यीय माफिया, 41 केस हैं दर्ज
माना जा रहा है कि हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी घटनास्थल और उसके आसपास के इलाके से पूरी तरह वाकिफ थे। क्योंकि हत्याकांड को अंजाम देने के बाद हत्यारे बेफिक्र होकर पैदल ही बराबर की कॉलोनी में घुसकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: Exit Polls: वेस्ट यूपी की इन सीटों पर फेल हो गया था 2019 का एग्जिट पोल, पढ़िए आखिर कहां-कहां पलट गई थी बाजी