नजीबाबाद (बिजनौर)। निर्वाचन ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को दूसरी डोज के तीन माह पूरे होने के बाद बूस्टर डोज लगाई गई।
भारत निर्वाचन आयोग और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश पर निर्वाचन कार्यों में लगे शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों व कर्मचारियों को बूस्टर डोज लगाकर प्रशिक्षित किया गया। बीआरसी कार्यालय में आयोजित टीकाकरण शिविर में 83 शिक्षकों को बूस्टर डोज लगाई गई। खंड शिक्षा अधिकारी इशक लाल ने बताया कि कोविड वैक्सीनेेशन की दूसरी डोज के बाद दी जाने वाली बूस्टर डोज के अंतराल में अब नौ माह के स्थान पर तीन माह करने के निर्देश मिले हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयकरण यादव के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी इशक लाल व एआरपी मोबीन हसन की देखरेख में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिक्षकों का वैक्सीनेशन किया गया। इस अवसर पर सुखदेव सिंह, अर्चना त्यागी, मुदस्सर नजर, अनुराग पांडेय, मुकेश देवरानी, भुवनेश्वरी आदि का सहयोग रहा।