भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई
बिजनौर। भगवान श्री जगन्नाथ यात्रा श्रद्धा पूर्वक निकाली गई। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ की पालकी को रथ पर सजाकर उसे खींचा। सभी लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। भगवान शोभायात्रा महोत्सव समिति के द्वारा कोठी अंटाघर से राधे कृष्ण की धुनों के साथ रथयात्रा का शुभारंभ किया गया। रथयात्रा में जिले भर से आए श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने रस्सियों के सहारे रथ को हाथों से खींचा। रथ के आगे बच्चे सड़क पर झाडू लगाते हुए चल रहे थे। रथयात्रा में राहगीरों ने भी हिस्सा लिया और रथ को खींचा। जगह जगह पर श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ की आरती की। इस दौरान बैंड पर भक्ति गीत बजते रहे। रथ पर विराजमान श्रद्धालुओं ने राहगीरों को प्रसाद वितरित किया। रथयात्रा शास्त्री चौक होते हुए सिविल लाइन, मुख्य बाजार, रम्मू का चौराहा होकर बाबा हरिहर हनुमान मंदिर पहुंची। वहां पर भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान व्यवस्था बनाने में पुलिस बल तैनात रहा। अनंत ज्वैलर्स के सामने प्रोपराइटर अभय जैन ने भगवान जगन्नाथ की पूजा की। रथयात्रा के आयोजन में भगवान शोभायात्रा महोत्सव समिति अध्यक्ष अश्वनी कुमार, अवधेश कुमार, पीयूष कुमार, अंशुमान सिंह, राकेश कर्णवाल, वेदप्रकाश कर्णवाल, डीके गुप्ता, अरूण कुमार, भाग सिंह आदि का योगदान रहा।