बिजनौर में गुलदार का आतंक जारी: घर में घुसकर ली बच्चे की जान, परिवार में मचा कोहराम, गांव में दहशत
Bijnor News : बिजनौर में गुलदार का आतंक जारी है। गुलदार ने फिर से एक बच्चे की जान ले ली है। उधर, बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है और गांव में दहशत का माहौल है।
विस्तार
बिजनौर जिले में गुलदार का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अब नजीबाबाद डिवीजन की साहूवाला रेंज के गांव भोगपुर में लघुशंका करने गए 13 वर्षीय किशोर को गुलदार ने मार डाला। गुलदार वहीं झाड़ी में छिपा हुआ था। जिले में यह गुलदार द्वारा किया गया 15वां इंसानी शिकार है।
इस साल जिले में गुलदार सबसे बड़ी आफत बन गए। मंगलवार की शाम नगीना तहसील क्षेत्र के गांव भोगपुर में करन 13 वर्ष पुत्र अमर सिंह घर के पास ही लघुशंका के लिए गया था।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर थप्पड़ कांड: एक और वीडियो वायरल, रोते हुए बोले पीड़ित छात्र के दादा- सही कार्रवाई नहीं हुई तो...
ग्राम प्रधान मंगत कांबोज ने बताया कि झाड़ियों में पहले से ही गुलदार घात लगाकर बैठा था। करन जैसे ही नजदीक पहुंचा, गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और खींचकर ले जाने लगा। इस दौरान किसी परिजन ने गुलदार को देख लिया और शोर मचा दिया। शोर हुआ तो गुलदार किशोर को छोड़कर जंगल में भाग गया। तब तक करन की मौत हो चुकी थी।
इस घटना से गांव में हाहाकार मच गया तथा भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, ग्रामीणों ने वन विभाग व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर नगीना एसडीएम समेत वन अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
एसडीओ को मौके पर भेजा गया है : डीएफओ
वन प्रभाग नजीबाबाद के डीएफओ आशुतोष पांडेय ने कहा कि वह अवकाश पर हैं। कहा कि घटना की सूचना मिली है। तत्काल एसडीओ राजीव कुमार और टीम को मौके पर भेजा गया है। साहूवाला रेंज में घटना स्थल से काफी फैसले पर कुछ समय पहले मवेशी को गुलदार ने शिकार बनाया था। डीएफओ ने ग्रामीणों से अकेले जंगल क्षेत्र, खेत पर न जाने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें: UP: थप्पड़ कांड पर जयंत ने पूछा बड़ा सवाल, निशाने पर भाजपा नेता, बच्चों को लेकर कही ये भावुक बात