बिजनौर: नशे में मां की पीट-पीट कर हत्या, बचाने आए पिता को किया घायल, आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक युवक ने अपनी मां को शराब के नशे में पीट पीटकर मार डाला, वहीं मां को बचाने आए पिता को भी लाठी डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बढ़ापुर थानाक्षेत्र में शराब के नशे में बेटे ने मां-बाप को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से पीट-पीट कर घायल कर दिया। मां की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि आरोपी का पिता अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। जबकि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव रामनगर गोसाई निवासी मेहर सिंह ने बताया कि उसका छोटा भाई बचन सिंह शराब पीने का आदी है। बचन सिंह आए दिन परिवार वालों के साथ मारपीट करता रहता था। आरोप है कि रविवार देर शाम बचन सिंह शराब के नशे में घर पहुंचा। घर पहुंचने पर आरोपी ने मां बाप के साथ गाली-गलौज कर धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: UP Elections 2022 Phase 2: बिजनौर की सभी विधानसभा सीटों पर कांटे का मुकाबला, पढ़िए कहां क्या बन रहे समीकरण
विरोध करने पर आरोपी ने अपनी मां मनोदेवी (60) और पिता ध्यान सिंह को एक कमरे में बंद कर लिया। कमरे में बंद कर आरोपी ने उनकी लाठी, डंडों से पिटाई की। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने घर का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया।
किसी प्रकार ध्यान सिंह दरवाजा खोलकर लहूलुहान हालत में बाहर निकले। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल मनोदेवी और ध्यान सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान मनो देवी की मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव को पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को भी पकड़ लिया।
बढ़ापुर थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अभी तहरीर नहीं मिली है। डाक्टरों ने ध्यान सिंह की हालत गंभीर बताई है।