Bijnor: नहर किनारे युवक का कपड़े में लिपटा शव मिलने से सनसनी, बंधे थे दोनों हाथ, मुहं से निकल रहा था खून
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में सरवरपुर के निकट कपड़े में युवक का शव लिपटा मिला।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बताया गया कि मृतक के बंधे हुए थे हाथ, मुंह और नाक से खून निकल रहा था।
विस्तार
बिजनौर जनपद के नजीबाबाद कोतवाली मार्ग पर गांव सरवनपुर के निकट कपड़े में लिपटा एक युवक का शव मिला है। युवक के हाथ बंधे हुए थे। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली मार्ग पर गांव सरवनपुर की नहर के निकट सुबह एक युवक का शव मिला। सूचना पर एसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, थानाध्यक्ष राधेश्याम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
यह भी पढ़ें: CM Yogi Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पश्चिम से करेंगे निकाय चुनाव का शंखनाद, सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
युवक का शव कपड़े में लिपटा हुआ था और उसके हाथ बंधे हुए थे। युवक के शव के पास एक काले रंग की पल्सर बाइक भी मिली है। युवक के मुंह, नाक से खून बहता मिला और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान नगीना थाना के गांव काजीवाला निवासी बिट्टू (30) उर्फ नंदकिशोर के रूप में हुई है। युवक शादी विवाह में डीजे बजाने का काम करता था। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि युवक रविवार की सुबह से घर से लापता है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। एसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन का कहना है कि पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।