Murder in Bijnor: किसान की गोली मारकर हत्या, गांव में फैली सनसनी, इस आशंका पर पुलिस अफसर हैरान, दो निलंबित
Murder in Bijnor : बिजनौर में एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। किसान की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई है। उधर, पीड़ित परिजनों ने परिवार के लोगों पर ही हत्या की आशंका जताई है।
विस्तार
बिजनौर में नहटौर के खजूरा जट गांव में खेत में काम कर रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने परिवार के ही लोगों पर हत्या करने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पीड़ित परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम खजूरा जट निवासी किसान जबर सिंह (32) पुत्र अमर सिंह सोमवार की शाम को खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान उसके सीने में किसी ने गोली मार दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया, जहां परिजनों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। परिजनों ने मृतक के तहेरे भाइयों पर ही हत्या करने की आशंका जताई है।
यह भी पढ़ें: मां-बेटियों की मौत का मामला: 130 किलोमीटर की रफ्तार से आई ट्रेन, पलभर में उजड़ गया परिवार, चीखता रह गया रमेश
परिजनों का कहना है कि तहेरे भाई आए दिन झगड़ा करते रहते थे। उन्होंने कई बार जान से मारने की धमकी भी दी थी। सूचना पर एसपी नीरज जादौन भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
यह भी पढ़ें: Meerut: इंद्रशेखर हत्याकांड को लेकर भीम आर्मी का धरना-प्रदर्शन, की एक करोड़ के मुआवजे की मांग
तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा : एसपी
पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने बताया कि मृतक के परिजनों से जानकारी मिली है कि मृतक का परिवार के ही भाइयों से विवाद चल रहा था। उन्होंने ही हत्या की है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।
किसान जबर सिंह की हत्या के मामले में देर रात मृतक की मां शकुंतला देवी की तहरीर के आधार पर अमरपाल, प्रताप, विकांशु, बब्लू व कपिल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। वहीं, विवाद निस्तारण में थाना लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने थाना प्रभारी नहटौर सुशील कुमार व हल्का प्रभारी उप निरीक्षक प्रशांत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।