फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bhadohi News ›   Water dripping from the roof, parcels getting wet

Bhadohi News: छत से टपक रहा पानी, भीग रहे पार्सल, मोबाइल से कनेक्ट कर बन रहे आधार

Wed, 08 Jul 2026 12:51 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Wed, 08 Jul 2026 12:51 AM IST
विज्ञापन
Water dripping from the roof, parcels getting wet
जंगीगंज पोस्ट आफिस के सामने बैठे उपभोक्ता। संवाद
ज्ञानपुर। जिले के उप और शाखा डाकघरों की स्थिति खस्ता है। जर्जर भवनों की छत से बारिश का पानी टपक रहा है, जिससे वहां रखे लोगों के पार्सल भीग रहे हैं। इसी परिसर में कंप्यूटर रखकर आधार संबंधी कार्य भी किया जा रहा है। सर्वर की समस्या के कारण लोगों को अपना काम कराने के लिए तीन से चार दिन तक चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई स्थानों पर कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं के मोबाइल से इंटरनेट कनेक्ट कर किसी तरह कंप्यूटर चलाकर कार्य किया जा रहा है।
विज्ञापन

जिले में भदोही, औराई और ज्ञानपुर में तीन उप डाकघर हैं। जिले के तीन उप और करीब 75 शाखा डाकघरों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं। हमारी टीम ने मंगलवार को उप मुख्य शाखा सहित कुछ शाखा डाकघरों का जायजा लिया। ज्ञानपुर उप डाकघर के भवन में छत से पानी टपक रहा था। पंखे से होकर पानी पूरे कमरे में फैल रहा था, जिससे वहीं रखे लोगों के पार्सल भीगते नजर आए।
विज्ञापन

इसी प्रकार बारीपुर, सीतामढ़ी, खमरिया, रामनगर, ऊंज और जंगीगंज शाखा डाकघरों में एक-एक कर्मचारी कार्य करते मिले। कुछ डाकघर समय से पहले ही बंद मिले। ज्ञानपुर और गोपीगंज में दो महीने से प्रिंटर खराब है। खमरिया में ढाई महीने से आधार संबंधी कार्य नहीं हो रहा है। बारीपुर और सीतामढ़ी शाखा डाकघर केवल एक घंटे खुलते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

कहीं एक तो कहीं दो कर्मचारियों के भरोसे चल रहा काम
ज्ञानपुर उप डाकघर में कुल छह कर्मचारियों का प्रावधान है, लेकिन यहां केवल दो कर्मचारियों की तैनाती है। मंगलवार को केवल एक व्यक्ति मौजूद था। शेष कार्य सहायकों के भरोसे चलता रहा। गोपीगंज में डाकपाल और तीन डाक सहायकों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल दो डाक सहायक कार्यरत हैं। इसी प्रकार भदोही और औराई में भी तीन-तीन कर्मचारियों की कमी है।

आधार अपडेट करने का शुल्क 75 रुपये, ले रहे 150 रुपये
जिले के कई डाकघरों में आधार अपडेट की सुविधा बंद पड़ी है। जहां यह सुविधा उपलब्ध है, वहां लोगों से मनमाना शुल्क लेने का आरोप है। मंगलवार को ज्ञानपुर शाखा डाकघर में दोपहर तीन बजे तक नेटवर्किंग समस्या के कारण केवल 10 लोगों का कार्य हो पाया था। भदोही निवासी पारस ने बताया कि वह दूसरी बार आधार में जन्मतिथि अपडेट कराने आया है। उससे 150 रुपये शुल्क लिया गया। भदोही उप डाकघर में डाक संबंधी कार्यों के लिए केवल ऑनलाइन भुगतान लिया जा रहा है।

ज्ञानपुर उप डाकघर में आधार अपडेट कराने आया था। सर्वर इतना धीमा है कि करीब दो घंटे से बैठा हूं। शुल्क 75 रुपये है, लेकिन ज्यादा लिया जा रहा है। - उमाकांत यादव, शेरपुर
पासबुक अपडेट कराने गया तो पता चला कि प्रिंटर खराब है। जर्जर और पुरानी व्यवस्थाओं के हिसाब से पोस्ट ऑफिस चल रहा है, जिससे उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। - समर बहादुर सिंह, गोपीगंज
आज भी लोगों का भरोसा पोस्ट ऑफिस पर है, लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण अक्सर काम प्रभावित होता है। यहां व्यवस्थाओं को अपडेट करने की आवश्यकता है। - मुखराम मिश्रा, धीरपुर, गोपीगंज
मैं स्पीड पोस्ट कराने भदोही डाकघर गया था। क्लर्क ने कहा कि ऑनलाइन पेमेंट कर सकें तो स्पीड पोस्ट होगा, नहीं तो नहीं। मैं लौटने वाला था कि एक परिचित वहां आ गए। उनकी मदद से ऑनलाइन भुगतान किया, तब जाकर मेरा काम हुआ। - ईश्वर लाल, ग्राम अमिलोरी, भदोही


ज्ञानपुर उप डाकघर के भवन की मरम्मत कराने की योजना है, लेकिन सड़क चौड़ीकरण कार्य के कारण इसे रोका गया है। कर्मचारियों की कमी को लेकर पत्र लिखा जाएगा। जहां-जहां कमियां हैं, उन्हें दुरुस्त कराने के लिए संबंधित डाकघरों के अधिकारियों से रिपोर्ट मंगाई जाएगी। - योगेश मिश्रा, डाक अधीक्षक, पश्चिमी मंडल, वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed