ज्ञानपुर। तटवर्ती क्षेत्र में बदहाल हो चुकी दर्जन भर से अधिक सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रविवार को धनतुलसी गांव में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि तटवर्ती क्षेत्र होने के कारण जंगीगंज-धनतुलसी मुख्य सड़क से दर्जनों अन्य सड़कें जुड़ती हैं। उनका निर्माण दशकभर पूर्व कराकर कार्यदायी संस्थाओं ने अपनी जिम्मेदारी तो दिखा दी, लेकिन पीछे मुड़कर यह नहीं देखा कि लाखों खर्च के बाद भी उसका लाभ लोगों को मिल रहा है या नहीं।
इस समय सड़क की उखड़ी गिट्टियां, अनगिनत जानलेवा गड्ढे सड़कों की पहचान बन गए हैं। इन पर चलना खतरे से खाली नहीं रहता। छेछुआ-भुर्रा मार्ग, कलिक मवैया मार्ग, कूड़ी खुर्द मार्ग, कटरा बाजार आदि की हालत खराब है। प्रदेश में सत्ता की कमान संभालने पर मुख्यमंत्री ने गड्ढामुक्त सड़क का दावा किया था, जो हवाहवाई साबित हुआ। लोग सड़कों पर हिचकोले खाते चलने को मजबूर हैं। कहने को तो जिले के सबसे बड़े क्षेत्रफल वाले डीघ विकास खंड में सड़कों का जाल बिछा है, मगर सड़कें बदहाल हैं। ग्रामीणों ने सड़कों की दशा सुधारने की मांग की। ग्रामीण लालू यादव, यशवंत सिंह यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे कृष्णकुमार सिंह, गणेश कुमार, बिहारीलाल, आकाश दुबे, कृपाशंकर गुप्ता, अंकित केशरवानी, राजकुमार गुप्ता, रवि कुमार, सुशील आदि ने सड़कों की हालत सुधारने की मांग की है।